नगरपालिका परिषद का सामान्य सम्मेलन संपन्न
नगर विकास को गति देने सभी विषय सर्वसम्मति से पारित
-फल एवं सब्जी के ठेले वाले मार्ग अवरूद्ध करेंगे तो प्रति दिन लगेगा 500 रुपए का जुर्माना
नर्मदापुरम्। नर्मदापुरम संभाग में नर्मदापुरम नगरपालिका अब तकनीक से खुद को और ज्यादा कनेक्ट करने पर बढ़ रही है ताकि जनता को सुविधाएं मिल सकें। तकनीक के फायदेमंद होने के चलते अब नर्मदापुरम नगरपालिका अपने संपत्ति कर वाले सेक्टर को हाईटेक करने की ओर बढ़ रही है। नर्मदापुरम नपा अब संपत्ति कर के मामले में बार कोड सिस्टम लाने की तैयारी में है। बार कोड सिस्टम के चालू होने से शहर के संपत्ति करदाताओं को अपन मकानों का संपत्ति कर, दुकान किराया और प्रीमियम राशि जमा करना आसान हो जाएगा। यह प्रस्ताव मंगलवार को नर्मदापुरम नगरपालिका परिषद के सामान्य सम्मेलन में पास किया गया। इसके अलावा 17 अन्य प्रस्तावों को स्वीकृति मिली। मंगलवार को नगरपालिका परिषद नर्मदापुरम् का सामान्य सम्मेलन नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। सामान्य सम्मेलन में मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले, नपा उपाध्यक्ष अभय वर्मा, विधायक प्रतिनिधि महेंद्र यादव, नेता प्रतिपक्ष अनोखे राजोरिया सहित सभापति, पार्षदगणों, उपयंत्रीगण, कार्यालय अधीक्षक योगेश सोनी, नपा के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
प्रतिदिन लगेगा 500/- रुपए जुर्माना
कार्यालय अधीक्षक योगेश सोनी ने बताया कि यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए नपा के सामान्य सम्मेलन में प्रस्ताव पारित हुआ। जिसमें फल, सब्जी या अन्य गुमठी लगाकर सड़क मार्ग को अवरूद्ध करने वालों पर प्रतिदिन 500/- रुपए की दर से जुर्माना लगाया जाएगा। जिस पर सभी पार्षदगणों द्वारा सहमति जताई गई। 1.30 करोड़ से बाउंड्रीबाल बनाई जाएगी
सम्मेलन में ट्रेचिंग ग्राउंड का अतिक्रमण हटाकर उसकी बाउंड्रीवाल बनाने के लिए करीब एक करोड़ 30 लाख रुपए की राशि स्वीकृति हेतु प्रस्ताव रखा गया था। जिसे स्वीकृति दी गई। वहीं स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन हेतु उपकरण क्रय किए जाने के प्रस्ताव पर भी मुहर लगाई गई।
धन्यवाद प्रस्ताव पारित
नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव ने बताया कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आव्हान पर संशोधित जीएसटी बिल और आत्मनिर्भर भारत अभियान के विषय नगरपालिका के सामान्य सम्मेलन में रखे गए थे। जिस पर सभी ने मेज थपथपाकर धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया। साथ ही बताया गया कि यह निर्णय न केवल देश निर्माण में सहायक होंगे बल्कि विकसित भारत अभियान की परिकल्पना को पूर्ण करेंगे।
इनका कहना है
परिषद के सामान्य सम्मेलन में नगरहित के 18 महत्वपूर्ण विषय रखे गए थे। सभी प्रस्ताव पारित हुए। सभी पार्षदगणों द्वारा अपने अपने वार्डों से संबंधित महत्वपूर्ण विषय रखे गए थे। अनेक विषयों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया।
नीतू महेंद्र यादव, नपाध्यक्ष नर्मदापुरम्

