पीएम आवास योजना के काम में बाधा डालने वालों की दी पुलिस में शिकायत की चेतावनी, तब हुए आँखें दिखा रहे अतिक्रमणकारियों के तेवर ढीले….

सूचना मिलने पर सीएमओ ने अन्य अधिकारियों के साथ किया मौके का निरीक्षण
इटारसी। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के एएचपी घटक अंतर्गत न्यास कॉलोनी, इटारसी में बन रहे आवासों के निर्माण कार्य में कुछ स्थानीय निवासियों द्वारा बाधा डालने का काम किया जा रहा था जिससे निर्माण कार्य बाधित हो रहा था। शिकायत मिलने के बाद  नगर पालिका अधिकारियों को लेकर सीएमओ रितु मेहरा मौके पर पहुंची और पूरी स्थिति का जायजा लिया। पहले उन्होंने लोगों को समझाया मगर काम में बाधा डाल रहे लोग तीखे तेवर दिखाते रहे। लोगों के तेवर ढीले ना होते देख सीएमओ ने उनको जब पुलिस में देने की चेतावनी दी तब लोगों के तेवर ढीले पड़े।
क्या है पूरा मामला
न्यास कॉलोनी में प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत कुल 84 नए आवासों का निर्माण किया जा रहा है। यहां पहले से भी इसी योजना के अंतर्गत 16 आवास बनाए जा चुके हैं। कुछ स्थानीय निवासी निर्माण स्थल पर अपनी गाडिय़ां खड़ी कर और बाउंड्रीवॉल तोड़कर ठेकेदार को काम करने से रोक रहे थे। इसकी शिकायत सूचना के माध्यम से सीएमओ रितु मेहरा को हुई थी
अधिकारियों ने की कार्रवाई।                                          सूचना मिलने के बाद, नगर पालिका की मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO)  रितु मेहरा, सहायक यंत्री मीनाक्षी चौधरी, और उपयंत्री सोनाली अग्रवाल ने मौके पर पहुंचकर उन लोगों से बात की, जो काम में बाधा डाल रहे थे। शुरुआत में, ये लोग अधिकारियों की बात मानने को तैयार नहीं थे। वे नपा अधिकारियों से ही विवाद करने पर उतारू हो गए।
अतिक्रमण और सड़क की मांग
अधिकारियों ने पाया कि काम में बाधा डालने वाले ये वही लोग हैं, जिन्होंने खाली पड़ी सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर लिया था। नगर पालिका ने पहले ही कॉलोनी के एक तरफ सड़क बनाकर दी है, लेकिन अब ये लोग अतिक्रमण वाली जगह पर भी सड़क बनाने की मांग कर रहे हैं।
सख्ती के बाद माने लोग
जब समझाइश से बात नहीं बनी, तो सीएमओ रितु मेहरा ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि सरकारी काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी। इस चेतावनी के बाद ही लोग माने और उन्होंने काम में बाधा डालना बंद किया
पुलिस में शिकायत होगी
नगर पालिका ने इस मामले को गंभीरता से लिया है, खासकर बाउंड्रीवॉल तोड़े जाने की घटना को लेकर नपा प्रशासन नाराज है। नगर पालिका ने टीआई (TI) के नाम एक आवेदन तैयार कर पुलिस को देने की तैयारी कर ली है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों और सरकारी काम बिना किसी बाधा के पूरा हो सके।
इनका कहना है….
कुछ लोग प्रधानमंत्री आवास योजना के काम में बाधा डाल रहे थे, इन लोगों ने ठेकेदार द्वारा बनायी बाउंड्रीवाल भी तोड़ दी थी और कुछ लोगों ने अतिक्रमण भी कर रखा था। ऐसे लोगों के खिलाफ टीआई को आवेदन दे रहे हैं।
रितु मेहरा, सीएमओ नपा इटारसी