बदतर सड़कों और ज्यादा बिजली बिल थमाने के विरोध में आदिवासियों में नाराजी, 15 दिन में समस्या हल नहीं होने पर दी आंदोलन की चेतावनी..

इटारसी। केसला ब्लॉक मे कई गांव विस्थापित कर बसाए गए हैं इन गांवों में आज भी सड़क और बिजली से जुड़ी कई समस्या हैं  सड़कों की बदतर हालत और ग्रामीणों को ज्यादा बिजली बिल थमांने के चलते उनमें नाराजी बढ़ती जा रही है। यह नाराजी अब सामने भी आने लगी है। सोमवार को आदिवासी समाज द्वारा केसला ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले विस्थापित ग्राम में सड़क नही होने एवं बिजली बिल ज्यादा आने की समस्या को लेकर एसडीएम कार्यालय इटारसी पहुँचकर तहसीलदार शक्ति सिंह तोमर को एक ज्ञापन सौपा गया। ज्ञापन सौंपने झालई,खटमा एवं साकई ग्राम के आदिवासियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। आदिवासी समाज के लोगों ने प्रशासन को बताया कि विस्थापित गांवों में मूलभूत सुविधाओं की कमी है। प्रशासन का भी ध्यान आदिवासियों की समस्याओं की तरफ नहीं हुआ। आदिवासियों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर 15 दिनों में समस्या का समाधान नही होता है तो आदिवासी जिले में एक बड़ा आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस मामले में तहसीलदार शक्ति सिंह तोमर ने कहा कि आदिवासी ग्रामीणों ने जो समस्या बताई है उनका निराकरण कराया जाएगा।