खंडवा से बस में लोड किया गया था 300 किलो संदिग्ध मावा, sdm ने जब्त की मावे की खेप…

नर्मदापुरम। शहर के बस स्टेंड पर प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई में करीब 300 किलो मावा जब्त किया। यह मावा मिलावटी होने की जानकारी मिलने के बाद एसडीएम नीता कोरी ने जब्त किया। मावे की यह खेप यात्री बस से भेजी गई है। जब्त किया गया मावा कितना शुद्ध और कितना मिलावटी है इसकी जानकारी सैंपल टेस्ट के बाद ही मिल पाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने जब्त किए गए मावे के सैंपल जांच के लिए ले लिए है। रक्षाबंधन का त्यौहार निकट है। त्यौहार पर मावे की मिठाईयां खासी डिमांड में रहती है। इस डिमांड को भुनाने के लिए सिंथेटिक मावे का काला कारोबार करने वाले भी सक्रिय रहते है। सिंथेटिक मावे की खेप को त्यौहार के टाइम पर खपाने का प्रयास किया जाता है। प्रशासन भी इस तह के खास त्यौहार पर अलर्ट मोड में रहता है जिसका प्रमाण गुरुवार रात 10 बजे देखने को मिला। दरअसल संदिग्ध मावे की खेप के संबंध में प्रशासन को सूचना मिली थी। सूचना पर sdm नीता कोरी खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बस स्टेंड पहुंची और उन्हें पिपरिया जा रही एक बस में रखी 300 किलो मावे की खेप को जब्त कर लिया। यह खेप खंडवा के व्यापारी ने पिपरिया के लिए बुक की थी। मावे की बोरियों पर प्रदीप लिखा हुआ था। बस स्टेंड पर एसडीएम नीता कोरी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश एस दियावर ने मावा जब्त किया और उसके सैंपल भी लिए। इस माल को किस व्यापारी ने लोड कराया था अब उसकी जानकारी जुटाई जा रही है। Sdm नीता कोरी ने बताया कि बड़ी मात्रा में संदिग्ध मावा जब्त किया गया है। रक्षाबंधन त्यौहार पर इसे बाजार में खपाने की तैयारी थी। सैंपल लेकर जांच कराई जाएगी। माल लोड करने वाले व्यापारी की भी जानकारी जुटा रहे है।