इटारसी से भड़की स्मार्ट मीटर विरोध की चिंगारी नर्मदापुरम तक पहुंची, कांग्रेसियों ने किया बिजली कंपनी के महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव…

नर्मदापुरम। इटारसी शहर से शुरू हुआ स्मार्ट मीटरों (smart meter) के विरोध की चिंगारी अब जिला मुख्यालय में भी भड़क गई है। नर्मदापुरम नगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में बिजली कंपनी के महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी की गई। नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी के नेतृत्व में स्मार्ट मीटर के विरोध में महाप्रबंधक मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी के महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव करने बड़ी संख्या में नगर और जिला कांग्रेस कमेटी के सदस्य पहुंचे। घेराव के बाद महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपा गया।  ज्ञापन में जबरन स्मार्ट मीटर न लगाने, जिन उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगा दिए गए हैं उनके यहां बहुत अधिक बिल आने की शिकायत पर तुरंत जाँच कर पुराना मीटर लगाने एवं बार बार बिजली गुल होने की समस्या को हल करने की मांग की गई। मांग पूरी न होने की स्थिति में कांग्रेसियों ने पूरे जिले में आंदोलन कर जिला बंद करने की चेतावनी दी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष गुड्डन पांडे सहित अन्य पदाधिकारियों से चर्चा में बिजली कंपनी महाप्रबंधक भदौरिया ने नए स्मार्ट मीटर न लगाने एवं शासन से मार्गदर्शन लेने का आश्वासन दिया।  इसके साथ ही जिनके यहां अधिक बिल आ रहे हैँ उनकी शिकायत पर तुरंत निराकरण करने  का आश्वासन भी महाप्रबंधक ने दिया। घेराव के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवकांत गुड्डन पाण्डेय ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर जनता को भाजपा सरकार लूटने का प्रयास कर रही है। स्मार्ट मीटरों में अधिक बिलिंग की शिकायतें आ रही हैं और जब लोग उन्हें लगाने की सहमति नहीं दे रहे है तो डराया जा रहा है। कांग्रेस आम उपभोक्ताओं के साथ पूरी ताकत से खड़ी रहेगी।  इस अवसर पर पूर्व विधायक गिरिजाशंकर शर्मा, नगर अध्यक्ष धर्मेन्द्र तिवारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य चन्द्रगोपाल मलैया, अनोखी राजोरिया, मीना वर्मा, अजय सैनी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नंदू वर्मा, जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार,।फेजान उल हक, महेश पाण्डेय, जीजी जोसफ, राजेंद्र मिश्रा, श्याम दुबे, अनिल सक्सेना, प्रताप ठाकुर, गुलाम मुस्तफ़ा, विजेंद्र राजपूत, राजेश चौहान, कमलेश बाथरे, कपिल यादव, हेमंत चौधरी, अमित खत्री, कुलदीप राठौर, आफरीद अफराज खान, बबलू मीना, सूरज तिवारी, कीर्ति मिश्रा, प्रेम राजोरिया, आनंद थापक, शैलेन्द्र तोमर, धीरज बहुत्रा, देवीदास सहित अन्य कांग्रेस जन एवं आम उपभोक्ता भी शामिल हुए।