पुराने बस स्टेंड परिसर में तीन मंजिला पार्किंग का प्लान, इटारसी का व्यापार बढ़ाने व्यापारी बाजार से बाहर निकलें…

इटारसी। पुरानी इटारसी में नया बस स्टेंड बनकर तैयार है। जल्द से जल्द बस स्टेंड को चालू करने की प्रक्रिया की जाएगी। इस बस स्टेंड के वहां जाने से पुरानी इटारसी क्षेत्र का भी विकास तेजी से होगा। पुराने बस स्टेंड परिसर का उपयोग बाजार की पार्किंग की समस्या को ध्यान में रखकर किया जाना है। इस जगह पर तीन मंजिला पार्किंग स्पॉट तैयार करने का प्लान बनाया है जिसे बाद में चार मंजिला भी कर सकते हैं। इसे नपाध्यक्ष पंकज चौरे की सहमति से शासन को भेजा गया है। इससे बाजार में पार्किंग की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी।
उक्त विचार विधायक डॉ सीतासरन शर्मा ने सांईकृष्णा रिसोर्ट के सभागार में पत्रकारों से बातचीत में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि नई सरकार, नए मुख्यमंत्री और दोनों नए नपाध्यक्ष बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। हम सब विकास के नए संकल्प के साथ आपके बीच आए हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सबसे अच्छी प्रणाली है शासन करने की। किसी विद्वान ने कहा है कि सभी शासन प्रणाली खराब हैं क्योंकि मनुष्य मनुष्य पर शासन क्यों करे। एक अन्य विद्वान ने कहा कि एक ऐसा समाज आएगा जिसमें राजा नहीं रहेगा यानी स्टेटलेस सोसाइटी। हमारी संस्कृति ने भी कहा कि ना कोई राजा होगा और ना रंच। इसीलिए कहा गया है कि शासन करने की सबसे कम खराब प्रणाली लोकतंत्र है। लोकतंत्र की लड़ाई में इस बार बड़े हर्डल्स आए। प्रिंट मीडिया को बहुत गंभीरता रखनी होगी। सोशल मीडिया पर सूचना फर्जी रहती है इसलिए वो अविश्वसनीय मीडिया है। प्रिंट मीडिया सावधान रहेगा तो समाज सावधान रहेगा। प्रिंट मीडिया लोकतंत्र की रक्षा करेगा तो लोकतंत्र बचा रहेगा।
कांग्रेस के पूर्व विधायक पर तंज
पत्रकार वार्ता में विधायक डॉ शर्मा ने शहर में सूअरों और अपराधियों की समस्या पर बात रखते हुए वर्ष 1980 में विधायक रहे एक कांग्रेस नेता पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि शहर में ये सूअर वर्ष 1980 में तत्कालीन कांग्रेस विधायक के समय लाए गए थे। उन्होंने सूअर और अपराधी बहुत बढ़ाए थे। वे सूअरपालकों को जगह देते थे हम लोग गौपालकों को जगह देते हैं। उन्होंने कहा कि नपाध्यक्ष पंकज चौरे ने इसे मिशन बनाते हुए अधिकांश सूअर शहर से बाहर कर दिए हैं। शहर में जो बचे-खुचे सूअर रह गए हैं वे भी बाहर कर दिए जाएंगे।
आगामी प्रोजेक्ट पर किया फोकस
विधायक डॉ शर्मा ने आने वाले दिनों शहर के विकास के लिए किए जाने वाले कामों पर फोकस करते हुए कार्ययोजना बताई। उन्होंने कहा कि शहर में दशहरा मैदान लगभग तैयार है। उसकी फिनिशिंग करना रह गया है वह भी जल्द होगी। गांधी मैदान में एस्ट्रोटर्फ लगाने की प्रक्रिया चल रही है। उम्मीद है कि वह भी जल्द ही शहर को मिल जाएगा। गांधी मैदान के डेवलपमेंट के लिए कुछ राशि का प्रस्ताव शासन को भेजा है। उसके विकल्प में दो-तीन स्थान सोचे हैं। न्यास कॉलोनी में बेहतर मैदान हम विकसित करेंगे जिससे खिलाड़ी वहां भी अभ्यास कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि शासकीय अस्पताल में डॉक्टरों की कमी धीरे-धीरे दूर हो रही है। इटारसी के सीएम राइज स्कूल में सिंचाई विभाग की तरफ से कुछ अड़चनें आ रही हैं जिन्हें जल्द दूर कर लेंगे।
माफियाओं की कसेंगे लगाम
शहर में सडक़ किनारे बेधडक़ हो रहे शराब पिलाने के कारोबार पर विधायक डॉ शर्मा ने कहा कि इसकी जानकारी उन तक आई है। स्टेशन रोड पर ठेलों पर शराब पिलाने की गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमने पिछली बार भी प्रशासनिक अफसरों से इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने के लिए कहा था। हम इस मामले में पुलिस व आबकारी विभाग के अधिकारियों से जल्द ही बात करेंगे। वहां रखीं अवैध गुमठियां हटाएंगे। शहर में हाथठेला माफिया व गुमठी माफिया और अवैध वेंडरों पर सख्ती से लगाम लगाएंगे। कोई भी सीसी वाले हों उनके भी हाथठेले बंद कराएंगे। स्टेशन प्रबंधन और डीआरएम से चर्चा करेंगे। शहर में हाथठेला माफियाओं की जानकारी लेकर उन पर कार्रवाई करेंगे।
विरोधियों के विषय में संगठन निर्णय लेगा
विस चुनाव में भीतराघातियों पर कार्रवाई के लिए हुई शिकायत के सवाल के जवाब में विधायक डॉ शर्मा ने कहा कि संगठन में भीतराघात की शिकायत की है। अब कार्रवाई की प्रतीक्षा है। भाजपा ने 1990 से टिकट दी है। जब उन्होंने मुझ पर भरोसा जताया है तो मुझे भी उन पर भरोसा है। इस मामले में संगठन अपना निर्णय लेगा।
बाजार फैलेगा तो व्यापार बढ़ेगा
इटारसी शहर के सिमटते बाजार से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि इटारसी के बाजार के सिमटने पर व्यापारियों ने गंभीरता से विचार नहीं किया। एक कारण यह भी है कि बड़े स्टोर्स के आने से बहुत फर्क पड़ा है। इटारसी के व्यापारी भी जयस्तंभ और आसपास के बाजार से बाहर ही निकलना चाहते हैं। वे पुरानी इटारसी या शहर के दूसरे छोरों की ओर बढऩा नहीं चाहते हैं। बस स्टेंड के पुरानी इटारसी जाने से व्यापार बढ़ेगा। बेहतर सडक़ बनने से भी छोटे शहरों को व्यापार के मामले में नुकसान होता है। इस पर ध्यान दिया जाएगा। व्यापारियों को बाजार को फैलाना चाहिए इससे व्यापार भी बढ़ेगा और शहर का विकास भी होगा। शासकीय अस्पताल के पास वाले मार्केट को भी ठीक किया जाएगा।
कीरतपुर में आ रही हैं औद्योगिक यूनिट
कीरतपुर औद्योगिक क्षेत्र में धीरे-धीरे उद्योगपति आ रहे हैं। कोई भी उद्योगपति वहां जाना चाहते हैं जहां पर कच्चा माल आसानी से उपलब्ध हो या ट्रांसपोर्टेशन की सुविधा हो। हमारे यहां ट्रांसपोर्ट के साधन बढ़ रहे हैं। मल्टी लॉजिस्टिक हब भी अभी पूरी तरह से डेवलप नहीं हो पाया है बावजूद उसके कीरतपुर औद्योगिक क्षेत्र में छोटी औद्योगिक ईकाईयां खुल रही हैं इससे शहर में व्यापार बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि एलकेजी कॉलोनी जाने वाले मार्ग पर लगे हुए खंभों को पीछे करने का काम किया जाएगा। एक वैकल्पिक सडक़ लाल रोड है उसे बनाने का प्रयास किया जाएगा ताकि ट्रेफिक डायवर्ट किया जा सके। नपाध्यक्ष पंकज चौरे ने कहा कि खंभे पीछे करने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। थाने के बाजू के कॉम्प्लेक्स को गिराकर नई दुकानें बनाने का प्लान बना रहे हैं। बीओटी काम्प्लेक्स और रविशंकर शुक्ल मार्केट, जनता मार्केट को नया बनाया जाएगा।