जिले में 1 जून से आज दिनांक तक 562.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
गत वर्ष इसी अवधि में हुई थी 959.3 मिलीमीटर औसत वर्षा
नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले पर इस बार मानसून उतना मेहरबान नहीं है जितना पिछले वर्ष इसी अवधि में था। मानसून की ये बेरुखी अगर इसी ट्रैक पर चलती रही तो अगली गर्मी में जिले में जल संकट गहराने की पूरी संभावना है। पिछले साल अगस्त माह तक कुल 959.3 मिमी वर्षा हुई थी मगर इस साल यानी 2026 में अगस्त माह तक उतनी ही अवधि में 396.7 मिमी कम बारिश हुई है। बारिश का यह ट्रैक रिकॉर्ड बड़ी चिंता का विषय है क्योंकि जिले में बारिश का औसत आंकड़ा 1160 मिमी के लगभग है। इस लिहाज से अब तक केवल 50 फीसदी ही बारिश दर्ज हो पाई है।
जिले में बारिश की स्थिति
जिले में 1 जून 2026 से दिनांक 17 अगस्त 2026 को प्रात:8 बजे तक जिले में 562.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज हुई है। गत वर्ष इसी अवधि में 959.3 मिलीमीटर औसत वर्षा हुई थी। तहसीलदार भू-संसाधन प्रबंधन नर्मदापुरम ने बताया है कि 16 अगस्त से 17,अगस्त 2026 को प्रात: 8 बजे तक तहसील नर्मदापुरम में 2.4 मिमी, सिवनीमालवा में 0.0 मिलीमीटर, इटारसी 14.0 मिलीमीटर, माखननगर में 0.0 मिलीमीटर, सोहागपुर में 2.0 मिलीमीटर, पिपरिया में 6.9 मिलीमीटर, बनखेड़ी में 34.2 मिलीमीटर, पचमढी में 10.0 एवं तहसील डोलरिया 2.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई है।
बाँधों की स्थिति पर नजर

तहसीलदार भू-संसाधन प्रबंधन नर्मदापुरम ने बताया कि वर्तमान में सेठानी घाट का जलस्तर 938.30 फीट है, तवा जलाशय का 1142.50 फीट है, बरगी जलाशय का 420.55 मीटर एवं बारना जलाशय 346.83 मीटर दर्ज किया गया है। उल्लेखनीय है सेठानी घाट का अधिकतम जल भराव 967.00 फीट है, तवा जलाशय का अधिकतम जल भराव 1166.00 फीट है, बरगी जलाशय का जल भराव 422.76 मीटर है तथा बारना जलाशय का अधिकतम जल भराव 348.55 मीटर है।