12 यात्री हुए हादसे में घायल, शासकीय अस्पताल में भर्ती किया
नर्मदापुरम। स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को पिपरिया स्टेट हाईवे पर नंदन सर्विस की बस के ड्राइवर ने बस को अंधाधुंध स्पीड से दौड़ाकर यात्रियों को मौत के मुहाने तक पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। ड्राइवर की लापरवाही के कारण बस शनिवार सुबह करीब 6.15 बजे पलट गई। इस हादसे हादसे में 12 यात्री घायल हुए। जिन्हें मामूली चोट आई। घायल यात्रियों में सभी भाग्यशाली थे कि उनमें से किसी की जान नहीं गई। यह बस बालाघाट से भोपाल जा रही थी। बस के साथ हादसा नर्मदापुरम से 15 किमी दूर तवा पुल आँचलखेड़ा के पास हुआ।
चीख-पुकार से गूंजा एरिया
बस पलटते ही यात्रियों की चीखपुकार मच गई। कुछ यात्री बस से कूदकर बाहर निकले। हादसा देख उस रास्ते से गुजर रहे राहगीर भी रुक गए। बस के सकुशल यात्रियों और राहगीरों की मदद से अंदर फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही माखननगर थाने से पुलिस स्टॉफ और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को जिला अस्पताल नर्मदापुरम लाया गया। हादसे में तीन महिला और दो पुरुष घायल हुए। सभी बालाघाट के रहने वाले है। जानकारी के मुताबिक बस बालाघाट से भोपाल जा रही थी। बस पलटने की वजह फिलहाल में पता नहीं चल पाई है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
घायलों को भेजा जिला चिकित्सालय
बस हादसे में रिंकू सेन्डे (41) निवासी वार्ड नंबर 13 बालाघाट, ललित पिता रामचरण बांगरे (50), रश्मि पति ललित बांगरे (32), निवासी नर्मदानगर बालाघाट, चम्पा बोरकर कुंजीलाल बोरकर निवासी वार्ड नम्बर 2 बडेरा चौकी बालाघाट, प्रतिमा रावते पति मनोज कुमार रावते (47) निवासी वार्ड नम्बर 20 बालाघाट समेत 12 यात्रियों को चोटें आई जिनका मेडिकल हुआ। सभी को मामूली चोट आई है। जिनका जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
इनका कहना है
सुबह 6.15 बजे एक्सीडेंट हुआ है। घायलों को नर्मदापुरम भिजवाया गया। यात्रियों का कहना है कि सुबह 7 बजे बस का भोपाल पहुंचने का समय है। देरी होने से ड्राइवर बस को तेज रफ्तार से भगा रहा था। इसी बीच एक्सीडेंट हो गया। मामले की जांच कर रहे है। लापरवाही पता चलने पर ड्राइवर के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई होगी।




कंचन सिंह ठाकुर, थाना प्रभारी माखन नगर