कलेक्टर कार्यालय को हुई इटारसी नगरपालिका के एक और कारनामे की शिकायत, 25 लाख की निकाली गई निविदा को बताया लीपापोती करने का टूलकिट…..

इटारसी। इटारसी नगरपालिका परिषद की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं लें रही हैं। पूर्व में इटारसी नगरपालिका की कार्यप्रणाली को लेकर कई शिकायतें हुई हैं जिनकी जांच अभी पाइप लाइन में ही है और अब एक और शिकायत नर्मदापुरम कलेक्टर कार्यालय पहुंची है।  यह शिकायत पूर्व के कई मामलों में शिकायतकर्ता रह चुके सुरेश चिंचवारे ने की है। यह शिकायत इटारसी नगरपालिका द्वारा 3 जुलाई 2026 को निकाली गई मोटर पंप मरम्मत से जुड़ी है जिसे ठेकेदारों से ली गई अग्रिम राशि के समायोजन के लिए की गई की जा रही गणितबाजी बताया गया है

यह है मामला

शिकायतकर्ता सुरेश कुमार चिचवारे ने 28/07/2026 को कलेक्टर कार्यालय नर्मदापुरम में आयोजित जनसुनवाई में नगर पालिका परिषद, इटारसी द्वारा ठेकेदारों से प्राप्त की गयी अग्रिम राशि के समायोजन के लिये मोटर पंप मरम्मत के नाम पर दिनांक 03/07/2026 को रु. 25,00,000/- मूल्य की फर्जी ई-निविदा आमंत्रित करने के लिये दोषियों के विरूद्ध कार्यवाही करने की लिखित शिकायत की है। शिकायत में उल्लेख किया गया है कि आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास भोपाल ने आदेश दिनांक 09/06/2026 द्वारा नगर पालिका परिषद इटारसी में विभिन्न प्रकार की वित्तीय अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतों की विस्तृत जांच हेतु 03 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। जिसकी जांच चल रही है। एक लाख रु. से कम की लगभग 1000 कथित फर्जी नस्तियां नगर पालिका परिषद इटारसी में भुगतान के लिये तैयार रखी हुई हैं। इन नस्तियों के माध्यम से लगभग रु. 8,00,00,000/- का फर्जी भुगतान किया जाना है। जांच समिति के हस्तक्षेप के कारण उक्त रु. 8,00,00,000/-का फर्जी भुगतान नहीं हो पा रहा है। उक्त भुगतान के पूर्व ही नगर पालिका परिषद, इटारसी के प्राधिकारियों द्वारा संबंधित ठेकेदारों से बड़ी राशि अग्रिम रूप से प्राप्त की जा चुकी है. उक्त राशि के समायोजन के लिये फर्जी निविदायें जारी की जा रही हैं।

यह रखे कलेक्टर के सामने तथ्य

शिकायत में सुरेश कुमार चिचवारे ने आरोप लगाया कि नगर पालिका परिषद, इटारसी द्वारा दिनांक 02.08.2022 से दिनांक 03/06/2025 तक अर्थात 03 वर्ष की अवधि में मोटर क्रय तथा मोटर पंप मरम्मत कार्य के मद में रु. 1,11,13,905/-का भुगतान किया जा चुका है। इसमें से अधिकांश भुगतान जल कार्य विभाग के स्थायी ठेकेदार की पारिवारिक फर्मों को किया गया है। इसके अतिरिक्त गत 03 वर्ष में GeM Portal के माध्यम से रु. 25,00,000/- से अधिक मूल्य के मोटर पंप सेट सिद्धि विनायक ट्रेडर्स से क्रय किये गये हैं। विंड डाक्यूमेंट से स्पष्ट है कि संबंधित मोटर पंप सेट में 02 वर्ष की वारंटी दी गयी थी। इसके बाद भी मोटर पंप मरम्मत के नाम पर विगत 03 वर्ष में रु. 1,05,00,000/- से अधिक की राशि व्यय की जा चुकी है। इस परिषद द्वारा विगत 03 वर्ष में मोटर पंप मरम्मत तथा मोटर पंप क्रय के मद में अविश्वनीय रूप से रु. 1,56,13,905/- से अधिक की राशि व्यय की जा चुकी है। इसके बाद भी मुख्य नगर पालिका अधिकारी, इटारसी द्वारा दिनांक 03/07/2026 को मोटर पंप मरम्मत हेतु 25,00,000/- मूल्य की निविदा आमंत्रित की गई है। यह निविदा भी जल कार्य विभाग के स्थायी ठेकेदार की पारिवारिक फर्म को ही प्राप्त होना तय है।

शिकायत में दो फर्मों के नामों का उल्लेख

चिंचवारे ने शिकायत में कहा है कि दिनांक 06/01/2026 को मुख्य नगर पालिका अधिकारी, इटारसी ने 1-15 एच. पी. मोटर पंप मरम्मत कार्य हेतु रु. 9,80,000/- मूल्य की वार्षिक निविदा जारी की थी। इसी दिनांक को 15-100 एच.पी. मोटर पंप मरम्मत कार्य हेतु रु. 9,75,000/- मूल्य की निविदा जारी की थी। उक्त दोनों निविदाओं के कार्यादेश सिद्धि विनायक ट्रेडर्स को दिये गये थे। इस परिषद द्वारा विगत 03 वर्ष में मोटर पंप मरम्मत तथा क्रय के मद में राशि (रु. 1,56,13,905/-) व्यय की जा चुकी है। इसके बाद भी मोटर पंप मरम्मत के नाम पर रु. 25,00,000/- मूल्य की निविदा जारी किये जाना भ्रष्टाचार का स्पष्ट प्रमाण है। मोटर पंप मरम्मत कार्य में इतनी बड़ी राशि व्यय होना संभव ही नहीं है। गत 03 वर्ष में मोटर पंप मरम्मत कार्य कागजों में ही संपन्न हुए हैं। नगरपालिका परिषद, इटारसी द्वारा जल कार्य विभाग के स्थायी ठेकेदार की पारिवारिक फर्मों की सांठ-गांठ से कागजों में मरम्मत दर्शाकर 25,00,000/- हड़पने के लिये उक्त ई-निविदा जारी की गयी है।

इनका कहना है

3 जुलाई 2026 को जारी की 25 लाख की मोटरपंप मरम्मत से जुड़ी निविदा प्रक्रिया की हमने कलेक्टर की जनसुनवाई में शिकायत की है। ठेकेदारों से अग्रिम टेंडर राशि लेकर उसे संमायोजित करने का खेल खेला जा रहा है। इस मामले दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

सुरेश चिचवारे, शिकायतकर्ता

इटारसी नगरपालिका द्वारा कहीं कोई खेल नहीं खेला जा रहा है। जो एक से पंद्रह एचपी की मोटरें थी उनकी राशि खत्म हो गई है और  15 एच पी से ज्यादा क्षमता की मोटरों की राशि खर्च नहीं की गई है। छोटी मोटरें करीब साढ़े तीन सौ हैं जो गर्मी हर दिन खराब हो रही थी। अब राशि नहीं है और काम कराना है तो टेंडर प्रक्रिया करना ही पड़ेगी।

पंकज चौरे, नपाध्यक्ष इटारसी

Leave a Reply