ट्रिपल आर से शहर की सूरत संवारने की पहल, निखर गई ओवरब्रिज की रोटरी की सूरत..

1000 किलो प्लास्टिक कचरे से हो रहा ओवरब्रिज डिवाइडर का सौंदर्यीकरण

इटारसी। नगर पालिका परिषद इटारसी ने स्वच्छता एवं शहर के सौंदर्यीकरण की दिशा में कदम बढ़ाने के लिए ट्रिपल आर यानि रिड्यूस, रीयूज़ और रीसाइकिल की थीम को टूलकिट के तौर पर अपना मददगार बनाया है। शहर के ओवरब्रिज स्थित डिवाइडर के सौंदर्यीकरण हेतु इसी टूलकिट का उपयोग किया गया और रिसाइकल प्लास्टिक से निर्मित रैलिंग लगाकर उस बदरंग एरिया की सूरत बदल दी है।

ट्रिपल आर से बदलाव लाने की कोशिश

इटारसी नगरपालिका की यह पहल RRR (Reduce, Reuse, Recycle) की अवधारणा को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस कार्य में लगभग 1000 किलोग्राम प्लास्टिक कचरे का पुनः उपयोग किया जा रहा है। इससे लगभग 1000 किलोग्राम प्लास्टिक अपशिष्ट का वैज्ञानिक एवं उपयोगी निपटान सुनिश्चित हो रहा है तथा उसी कचरे को आकर्षक एवं उपयोगी रैलिंग के रूप में परिवर्तित कर शहर के सौंदर्यीकरण में इस्तेमाल किया जा रहा है। इस रैलिंग के निर्माण एवं स्थापना का कार्य प्रिंस वर्मा द्वारा किया जा रहा है। यह नवाचार प्लास्टिक कचरे के प्रभावी प्रबंधन के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और शहर की सुंदरता बढ़ाने की दिशा में एक उदाहरण है।

यह है आगामी योजना

इटारसी नगरपालिका की रोटरी सौंदर्यीकरण के बाद आगामी योजना ओवरब्रिज के तीनों डिवाइडरों पर गमले रखने की है। शहर के नए खाली स्थानों पर भी इसी तरह से सौंदर्यीकरण करने की योजना है। इन जगहों के लिए भी रिसाइकल कचरे संसाधन तैयार कराए जाएंगे।

यह है खासियत

इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि रिसाइकल प्लास्टिक से बनी यह रैलिंग पूरी तरह पुनर्चक्रण योग्य (Recyclable) है। यदि भविष्य में किसी कारणवश रैलिंग क्षतिग्रस्त या टूट जाती है, तो इसे दोबारा रिसाइकल कर नई रैलिंग के रूप में तैयार कर पुनः स्थापित किया जा सकता है। इससे प्लास्टिक कचरे का स्थायी समाधान मिलेगा, रखरखाव की लागत कम होगी तथा पर्यावरण संरक्षण को निरंतर बढ़ावा मिलेगा।

पूर्व सीएमओ ने की थी पहल

इटारसी नगरपालिका की RRR (Reduce, Reuse, Recycle) की यह पहल सबसे पहले पूर्व सीएमओ हेमेश्वरी पटले ने की थी। उन्होंने कचरे से सबसे पहले पेविंग ब्लॉक बनवाकर शहर में कई जगह लगवाए थे। इसके बाद रिसाइकल कचरे से बेंचेस बनवाई गई थी जो श्मशान घाट, पार्क सहित अन्य जगहों पर रखवाई गई थी। उनके बाद आई सीएमओ रितु मेहरा ने इन सब कामों को कोने में रख दिया था और केवल केबिन में बैठकर फ़ाइल चलाने पर ही ध्यान दिया था। अब नवागत सीएमओ सुरेखा जाटव ने फिर इस पहल को आगे बढ़ाया है।

इनका कहना है

नगर पालिका परिषद इटारसी द्वारा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं संसाधनों के पुनः उपयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से RRR के क्षेत्र में लगातार नवाचार एवं विकास कार्य किए जा रहे हैं। आने वाले समय में भी शहर के अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर इसी प्रकार के पर्यावरण हितैषी एवं सौंदर्यीकरण संबंधी कार्य किए जाएंगे।

सुरेखा जाटव, सीएमओ इटारसी

Leave a Reply