बिजली पोल गिरने का खत्म हुआ खतरा, पार्षद की पहल के बाद नए पोल लगे…

अब बिजली पोल गिरने का खतरा नहीं होगा, नए बिजली पोल लगे

पार्षद ज्योति राजकुमार बाबरिया ने की थी बिजली पोल की शिकायत

    इटारसी। मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी ने वार्ड 8 उत्तर बंगलिया में तीन मंदिर के पास और साईं किराना के पास बिजली पोल बदलने का कार्य किया है, जिससे स्थानीय निवासियों में खुशी की लहर है। इस कार्य के तहत पुराने और जर्जर गिरने की कगार पर लगे बिजली पोलों को हटाकर नए पोल लगाए गए हैं, जिससे बिजली आपूर्ति में सुधार होगा और पोल गिरने की संभावना भी खत्म हो गई है। इससे पहले, वार्ड 8 में बिजली पोलों की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई थी, जिसके कारण अक्सर बिजली आपूर्ति में विघ्न उत्पन्न होते थे, तथा तेज हवा व आंधी में बिजली पोल गिरने का खतरा हर समय बना रहता था।इसकी शिकायत वार्ड 8 की पार्षद ज्योति राजकुमार बाबरिया ने नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे के माध्यम से शहर प्रबंधक अभिषेक कन्नौजे को की थी। अब विद्युत वितरण कंपनी ने इस दिशा में कदम बढ़ाया है और पोल बदलने का कार्य कराया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि नए पोल लगने से बिजली की समस्या दूर होगी। इसके अलावा, पोल बदलने से सुरक्षा की दृष्टि से भी लाभ होगा, क्योंकि पुराने पोलों के गिरने का खतरा था। वहीं पार्षद ज्योति राजकुमार बाबरिया का कहना है कि जल्द ही अन्य क्षेत्रों में जहां बिजली पोल नहीं है वहां बिजली पोल लगाए जाएंगे और बीच रास्ते में लगे बिजली पोल साइड में शिफ्ट किए जाएंगे।