इटारसी.इटारसी और नर्मदापुरम शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र को मिलाकर नगर निगम अथवा विकास प्राधिकरण बनाने का मामला भोपाल में कागजों में ही केंचुए की चाल से रेंग रहा है। इस मामले में अब तक क्या प्रक्रिया हुई और यह प्रस्ताव अपने पथ पर कितना आगे बढ़ पाया है, इसका भी अब तक कुछ मजमून सामने नहीं आया है। दोनों शहरों की एक-दूसरे से कनेक्टिविटी होने के बावजूद शासन के जिम्मेदार अधिकारी इस प्रस्ताव पर तेजी से काम करने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं जिसके कारण पूरे सूबे का विकास उस रफ्तार से नहीं हो पा रहा है जिस रफ्तार से प्राधिकरण गठन के बाद होने की उम्मीद है। दोनों ही शहरों के लोगों का मानना है कि अब इटारसी और नर्मदापुरम एक-दूसरे से बिल्कुल सट गए हैं। चंद मिनटों में ही दोनों शहरों की सीमाओं में एंट्री हो जाती है तो ऐसे में विकास प्राधिकरण के गठन में देरी सूबे के विकास की रफ्तार में अड़ंगा बनी हुई है। शासन को इस मामले मे तेजी से काम करते हुए इटारसी नर्मदापुरम विकास प्राधिकरण के गठन की राह प्रशस्त करना चाहिए।
१२ साल पहले भी हुए थे प्रयास
इटारसी और नर्मदापुरम को मिलाकर नगर निगम या विकास प्राधिकरण बनाने का प्रयास 12 साल पहले भी शुरू किया गया था। उस दौरान एक बार विकास प्राधिकरण के लिए जिला प्रशासन ने एक समिति का गठन किया था मगर उसके बाद यह प्रस्ताव ठंडे बस्ते में चला गया था। इटारसी और नर्मदापुरम दोनों शहरों की कुल संख्या करीब ढाई लाख हो गई है और इसमें ग्रामीण क्षेत्र की जनसंख्या भी जोड़ लें तो यह आंकड़ा लगभग 3 लाख का हो जाता है ऐसे में विकास प्राधिकरण बनाना कोई कठिन काम नहीं है। नर्मदापुरम विधायक डॉ शर्मा ने एक साल पहले खुद इसमें रुचि लेकर सीएम को प्रस्ताव दिया था जो अब तक प्रक्रिया में ही है।
विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने मुख्यमंत्री को प्रस्ताव सौंपा था
नर्मदापुरम के विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने 19 मई 2025 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर नर्मदापुरम और इटारसी को मिलाकर नगर निगम अथवा विकास प्राधिकरण बनाने का प्रस्ताव सौंपा था। मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव को आवश्यक कार्यवाही के लिए प्रमुख सचिव, नगरीय विकास एवं आवास विभाग को भेजा था। एक साल का लंबा वक्त बीतने के बावजूद इस पर कुछ अपडेट सामने नहीं आया है।
विधायक डॉ. शर्मा ने प्रस्ताव दिया था कि इटारसी-नर्मदापुरम एवं ग्रामीण क्षेत्र में दो नगर पालिकाएं एवं एक जनपद पंचायत कार्य करती है, तीन इकाइयां होने के कारण विकास के कार्यों पर गहरा असर पड़ता है। वहीं इन क्षेत्रो को मिलाकर यदि नगर निगम या विकास प्राधिकरण बना दिया जाएं तो एकीकृत प्रशासनिक इकाई होने से दोनों शहरों सहित ग्रामीण क्षेत्र का विकास संतुलित तरीके से हो सकेगा।
हमने एक साल पहले मुख्यमंत्री को इस संबंध में प्रस्ताव दिया था। उन्होंने नगरीय प्रशासन विभाग को आवश्यक कार्यवाही के लिए भेज भी दिया था। उसके बाद आगे क्या हुआ इसकी जानकारी ली जाएगी। विकास प्राधिकरण या नगर निगम का गठन होने से क्षेत्र का तेजी से विकास हो सकेगा।
डॉ सीतासरन शर्मा विधायक नर्मदापुरम-इटारसी
