
कुख्यात अपराधी के घर से अवैध शराब का जखीरा बरामद
अवैध शराब की 53 पेटियां बरामद, करीबन 4,04,006 रुपये है कीमत
नर्मदापुरम। अवैध शराब कारोबारियों पर लगाम कसने जिले भर में पुलिस विभाग द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान में लगी पुलिस की टीम एक आदतन अपराधी प्रशांत तिवारी उर्फ टमन्टू के घर छापामार कार्रवाई करने पहुंची तो वहां शराब का जखीरा देख खुद पुलिस चौक गई। उक्त आरोपी के मकान से करीब 4 लाख रूपये की अवैध शराब जब्त की गई
मुखबिर से मिला इनपुट, सक्रिय हुई पुलिस
7 सितम्बर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चन्दन नगर रसूलिया में प्रशांत तिवारी उर्फ़ टमंटू अपने मकान में बेचने के लिए काफी अधिक मात्रा में अवैध शराब रखे हुए है। उक्त सूचना पर थाना देहात पुलिस द्वारा चन्दन नगर रसूलिया में प्रशांत तिवारी उर्फ़ टमंटू के घर पर दबिश दी गयी। टीम के आने के पहले ही प्रशांत तिवारी उर्फ़ टमंटू घर के छत के रास्ते से भाग गया। घर की तलाशी लेने पर घर के अन्दर वाले कमरों में ताला लगा हुआ पाया गया। पुलिस को संदेह होने पर उक्त कमरों एवं मकान की बाथरूम में लगे तालो को गवाहों के समक्ष तोड़ा गया।
4 लाख की शराब बरामद
बंद कमरों में अलग-अलग कंपनी की अंग्रेजी एवं देशी मदिरा शराब की पेटियां काफी अधिक मात्रा में पायी गयी। प्रशांत तिवारी उर्फ़ टमंटू के मकान से अंग्रेजी एवं देशी शराब की कुल 53 पेटी जिसमे से अंग्रेजी शराब 286.500 लीटर व देशी मदिरा प्लेन 178.20 लीटर कुल शराब 464.20 लीटर जब्त हुई। जब्त शराब की कीमत करीबन 4,04,006 रूपये बताई गई है। पुलिस टीम को घटनास्थल से 02 मोबाइल , 02 वाकी-टाकी हेंडसेट , 02-CCTV केमरे एवं प्रशांत तिवारी का जेल से आपात रिहाई आदेश, प्रशांत तिवारी का आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज एवं सावन ठाकुर नामक व्यक्ति का पेनकार्ड, डेबिट कार्ड मिला। आरोपी प्रशांत तिवारी चंदननगर रसूलिया नर्मदापुरम की गिरफ़्तारी हेतु पुलिस टीम को रवाना किया गया है।
पुलिस ने खोली कुंडली
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रशांत तिवारी उर्फ़ टमंटू पिता जयशंकर तिवारी निवासी चंदननगर रसूलिया नर्मदापुरम निगरानी बदमाश है। उसके विरुद्ध नर्मदापुरम, भोपाल एवं नरसिंहपुर में गंभीर धाराओं के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध है। नर्मदापुरम जिले में टमंटू के विरुद्ध हत्या का 1, हत्या का प्रयास 1, लूट-डकैती के 06 , बम फेंकना के 02, धोखाधड़ी के 2, आर्म्स एक्ट के 2 , वसूली / अड़ीबाजी के 4, आबकारी अधिनियम के तहत 2 प्रकरण एवं मारपीट के 10 प्रकरण मिलाकर प्रशांत तिवारी उर्फ़ टमंटू के विरुद्ध कुल 30 प्रकरण पंजीबद्ध है।।ज्ञात हो कि प्रशांत तिवारी उर्फ़ टमंटू का पूर्व में 02 बार जिलाबदर एवं 1 बार रा0सु0अधि0 के तहत कार्यवाहियां की गयी है।
इनका कहना है
टमन्टू तिवारी के खिलाफ करीब 30 प्रकरण पहले से दर्ज हैं। उसके घर से करीब 4 लाख रुपए की अवैध शराब जब्त की गई है। आरोपी फरार हो गया है जिसकी तलाश में टीम लगाई गई है।
ऊषा मरावी, थाना प्रभारी देहात थाना