वरिष्ठ भाजपा नेता जसवीर सिंह छाबड़ा का शुभचिंतकों ने किया स्वागत
इटारसी। भारतीय जनता पार्टी के यशस्वी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के निर्देशानुसार संगठन का विस्तार करते हुए नर्मदापुरम जिला कार्यसमिति की घोषणा की गई है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नर्मदापुरम संभाग प्रभारी कांतदेव सिंह तथा नर्मदापुरम जिला प्रभारी अलकेश आर्य की सहमति से भाजपा जिलाध्यक्ष प्रीति शुक्ला ने जिला कार्यसमिति सदस्यों, स्थायी आमंत्रित सदस्यों एवं विशेष आमंत्रित सदस्यों के नामों की घोषणा की।
इस नई जिला कार्यसमिति में इटारसी के वरिष्ठ एवं अनुभवी भाजपा नेता जसवीर सिंह छाबड़ा को कार्यकारी सदस्य मनोनीत किया गया है। गौरतलब है कि छाबड़ा पूर्व में भी संगठन में जिला उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वे जनप्रतिनिधि के रूप में पार्षद एवं नगर पालिका में सभापति के पद पर रहकर क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं।
वरिष्ठ नेतृत्व एवं विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा का जताया आभार
अपनी इस नई नियुक्ति पर जसवीर सिंह छाबड़ा ने शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश व जिला संगठन के साथ ही नर्मदापुरम के लोकप्रिय विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा का हृदय से आभार व्यक्त किया है। छाबड़ा को मिली इस नई जिम्मेदारी से उनके समर्थकों और स्थानीय कार्यकर्ताओं में उत्साह है। मनोनयन की खबर मिलते ही समर्थकों और शुभचिंतकों द्वारा बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया। इसी क्रम में आज ‘7 स्टार’ द्वारा भाजपा नेता जसवीर छाबड़ा को फूल-माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर नई जिम्मेदारी की ढेरों शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर बधाई देने वालों में मुख्य रूप से अशोक खंडेलवाल, शरद गुप्ता, पप्पू सेठी, अनिल भाई सहित अनेक मित्रगण व पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने विश्वास जताया कि श्री छाबड़ा के अनुभव का लाभ संगठन को मजबूती प्रदान करेगा।
