जिला बदर आरोपी अजय कतिया गिरफ्तार, दर्ज हैं 25 अपराध
इटारसी। इटारसी पुलिस ने जिलाबदर आदेश का उल्लंघन कर शहर में घूम रहे एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है। पकड़े गए जिलाबदर युवक पर पहले से करीब 25 अपराध दर्ज हैं।
आदेश का उल्लंघन पड़ा महंगा
जानकारी के अनुसार जिला दंडाधिकारी नर्मदापुरम द्वारा 22 दिसंबर 2025 को जारी आदेश के तहत आरोपी अजय पिता कैलाश कतिया (निवासी पत्ती बाजार, इटारसी) को 1 वर्ष के लिए जिला नर्मदापुरम सहित नजदीकी जिलों हरदा, बैतूल, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, सिहोर और रायसेन की सीमाओं से जिलाबदर किया गया था। आदेश लागू होने के बावजूद 1 सितंबर 2026 को आरोपी अजय कतिया जिलाबदर की मियाद पूरी किए बिना ही इटारसी शहर में बेखौफ घूमता हुआ पाया गया।
धारा 14 के तहत मामला दर्ज
आदेश का उल्लंघन करने पर इटारसी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धरदबोचा। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना इटारसी में अपराध क्रमांक 796/2026, धारा 14 (म.प्र. राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अजय कटिया के खिलाफ पूर्व से ही थाना इटारसी में 25 संगीन अपराध दर्ज हैं। इस कार्रवाई में सउनि ईस्तयाक अली, प्रधान आरक्षक (11) संजय पाठक, आरक्षक (538) शाकिर खान, आरक्षक (392) बसंत, एवं आरक्षक (54) संदीप (थाना इटारसी) की मुख्य भूमिका रही।
इनका कहना है
आरोपी अजय कतिया पर करीब 25 अपराध दर्ज है। उसे जिलाबदर आदेश का उल्लंघन कर शहर में घूमते हुए पाया गया। उसके खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।
सौरभ पांडे, टीआई इटारसी
