जिले में 1 जून से आज दिनांक तक 653.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
गत वर्ष इसी अवधि में हुई थी 1085.9 मिलीमीटर औसत वर्षा
नर्मदापुरम। जिले में 1 जून 2026 से 27 अगस्त तक प्रात:8 बजे तक जिले में 653.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज हुई है। गत वर्ष इसी अवधि में 1085.9 मिलीमीटर औसत वर्षा हुई थी। इस तरह इस वर्ष करीब 432 मिमी कम बारिश हुई है। बारिश की कमी के चलते तवा बांध भी अभी तक अपने शबाब पर नहीं आ पाया है। तवा बांध को अभी अपनी चरम सीमा यानी 1166 फीट तक पहुंचने के लिए करीब 16.6 फीट पानी की और आवश्यकता है। अगर बारिश की कमी का यह गैप खत्म नहीं होता है तो अगली गर्मी में जिले में जल संकट का असर देखने में आ सकता है हालांकि मौसम का मिजाज जैसा बना हुआ है उससे इस गैप के भरने की उम्मीद अभी बरकरार है।

पिछले 24 घंटे की बारिश

तहसीलदार भू-संसाधन प्रबंधन नर्मदापुरम ने बताया है कि 26 अगस्त से 27 अगस्त 2026 को प्रात: 8 बजे तक तहसील नर्मदापुरम में 10.8 मिलीमीटर, सिवनीमालवा में 21.0 मिलीमीटर, इटारसी 24.2 मिलीमीटर, माखननगर में 3.0 मिलीमीटर, सोहागपुर में 4.0 मिलीमीटर, पिपरिया में 0.0 मिलीमीटर, बनखेड़ी में 0.0 मिलीमीटर, पचमढी में 14.0 एवं तहसील डोलरिया 12.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई है।
बारिश से बांधों की स्थिति
तहसीलदार भू-संसाधन प्रबंधन नर्मदापुरम ने बताया कि वर्तमान में सेठानी घाट का जलस्तर 943.10 फीट है। तवा जलाशय का जलस्तर 1149.40 फीट, बरगी जलाशय का 421.05 मीटर एवं बारना जलाशय का जलस्तर 346.93 मीटर दर्ज किया गया है। उल्लेखनीय है कि सेठानी घाट का अधिकतम जल भराव 967.00 फीट है, तवा जलाशय का अधिकतम जल भराव 1166.00 फीट है, बरगी जलाशय का जल भराव 422.76 मीटर है तथा बारना जलाशय का अधिकतम जल भराव 348.55 मीटर है।