त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की सघन जांच, 126 नमूने लिए
नर्मदापुरम। त्योहारों पर दूध और दूध से बने उत्पादों में मिलावट रोकने और मिलावटी खाद्य सामग्री का कारोबार करने वालों पर कार्रवाई करने की मंशा से कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत।एक माह में जिले की दुकानों, एजेंसियों, बसों एवं अन्य परिवहन साधनों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
जिला प्रशासन के निर्देश पर बनाई गई टीम में शामिल खाद्य सुरक्षा अधिकारी बीएस धाकड़, जितेंद्र सिंह राणा एवं कमलेश एस दियावार द्वारा अब तक की गई कार्रवाई में संदेह के आधार पर जिलेभर से घी, मिठाई, सोनपापड़ी, रसगुल्ला, बेसन, सोयाबीन तेल एवं नमकीन सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के 126 नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। सभी नमूनों को परीक्षण हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार अग्रिम प्रकरण प्रस्तावित किए जा रहे हैं।
1,426 किलो घी और 650 किलो खोया जब्त
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा निरीक्षण के दौरान जनहित में बड़ी मात्रा में संदिग्ध खाद्य पदार्थ जब्त किए गए थे। कार्रवाई के दौरान 1426 किलोग्राम घी, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 30 हजार रुपये, तथा 42 किलोग्राम पनीर, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपये जब्त किया गया। इसी क्रम में कटियार बस से 650 किलोग्राम खोया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये है, भी जब्त किया गया।





क्या बोले खाद्य सुरक्षा अधिकारी
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश एस. दियावार ने बताया कि विभाग को प्राप्त जांच रिपोर्ट के अनुसार नंद कृष्णा घी, संगाथ घी एवं ब्रजवासी घी के नमूनों की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। जांच में इन घी उत्पादों को असुरक्षित एवं मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक घोषित किया गया है। संबंधित विक्रेताओं एवं निर्माताओं को अपना पक्ष प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। उक्त घी के संबंध में नियमानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जा रही है। इन कार्रवाईयों के बावजूद त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों की जांच का अभियान लगातार जारी रहेगा। विशेष रूप से दूध, दुग्ध उत्पाद एवं घी की नियमित जांच की जाएगी। खाद्य पदार्थों में मिलावट पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।