इटारसी। शहर में चाकूबाजी की लगातार बढ़ रही घटनाओं को रोकने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। पिछले दिनों चाकूबाजी के कई मामले सामने आए जिसकी तपिश अभी ठंडी भी नहीं पड़ी थी कि अब चाकूबाजी के चक्कर में एक यवक की जान जाने के घटनाक्रम ने इटारसी की जनता के मन में दहशत पैदा कर दी है। चाकूबाज सड़क पर घूम रहे हैं और लोग डर के कारण घरों में दुबकने को मजबूर हैं। बुधवार रात करीब साढ़े 8 बजे हुई इस खूनी वारदात में ऐसा चाकू चला कि जान गवाने वाले युवक की पसलियां चीरते हुए अंदर गहराई तक जा घुसा जिससे युवक की मौत हो गई। इस हत्याकांड के बाद से अब माहौल गरमा गया है और इसका रिएक्शन जल्द ही दिखने के संकेत नजर आ रहे हैं
यह है मामला
बुधवार को सरकारी अस्पताल के पास विश्वनाथ टॉकीज रोड पर रात करीब 8:30 बजे कुछ बदमाशों ने एक युवक पर तलवार और चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना तेजी से हुआ कि युवक को खुद का बचाव करने का मौका ही नहीं मिला। इस हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान नाला मोहल्ला के रहने वाले अनिकेश उर्फ पवन भदौरिया के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावर बाइक से आए थे और उन्होंने वहां से गुजर रहे अनिकेश पर अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने अनिकेश के सीने और सिर पर चाकुओं से कई वार किए। इसके अलावा उसके दोनों हाथों और उंगलियों पर भी गहरे जख्म थे। हमलावरों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है
डॉक्टर बोले अंदर तक बैठ गया था चाकू
पवन भदौरिया पर हमले के तुरंत बाद उसके दोस्त उसे गंभीर हालत में दयाल मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल लेकर भागे। अस्पताल के डॉक्टर अचलेश्वर दयाल ने बताया कि युवक पर बुरी तरह से हमला किया गया था। युवक के सीने पर चाकू से बहुत गहरा वार किया गया था, जो पसली को चीरते हुए अंदर तक लग गया था। शरीर से बहुत ज्यादा खून बह जाने के कारण डॉक्टर उसकी जान नहीं बचा सके। अनिकेश की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल के बाहर उसके परिजनों और दोस्तों की भारी भीड़ जमा हो गई। माहौल गर्माता देख तुरंत मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए इटारसी के सरकारी अस्पताल भेजा गया।
पुरानी रंजिश की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
युवक की हत्या के पीछे अवैध बेंडरिंग के कारोबार के लिए आपसी प्रतिद्वंदिता भी एक कारण बताई जा रही है हालांकि हम इसकी पुष्टि नहीं कर रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। कातिलों का सुराग लगाने के लिए पुलिस की टीमें घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही हैं और चश्मदीदों से पूछताछ कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। हत्या के पीछे कोई पुरानी दुश्मनी थी या कोई तात्कालिक विवाद, इसका खुलासा आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही होगा। घटना की गंभीरता को देखते हुए इटारसी के साथ-साथ रामपुर और पथरोटा थानों का पुलिस बल भी इटारसी थाने पहुंचा था।
इनका कहना है
युवक की हत्या के मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
