132 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान, विशेषज्ञ बोले सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं..

प्रतिभा सम्मान समारोह एवं करियर गाइडेंस कार्यक्रम।        इटारसी। मुस्कान संस्था द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह एवं करियर गाइडेंस कार्यक्रम गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करना, सही करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना तथा उनकी प्रतिभाओं का सम्मान करना था। कार्यक्रम में शहर एवं आसपास के क्षेत्र से आए विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

132 प्रतिभाओं का सम्मान

कार्यक्रम में करीब 132 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों, विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के उत्साह और आत्मविश्वास ने पूरे सभागार का वातावरण प्रेरणादायी बना दिया।

रुचि के अनुसार करियर चुनें

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश तैराकी संघ के अध्यक्ष ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन, निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप करियर का चयन करने का आह्वान करते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल अच्छे अंक ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, संवाद कौशल और नैतिक मूल्यों का विकास भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से असफलताओं से घबराने के बजाय उन्हें सीख के रूप में स्वीकार कर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

युवाओं से मिलती है समाज को दिशा

नगर पालिका अध्यक्ष  पंकज चोरे ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक नई शुरुआत जीवन में नई संभावनाओं के द्वार खोलती है। यदि युवा सही दिशा, सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ें तो वे अपने सपनों को अवश्य साकार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास जगाने के साथ-साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने मुस्कान संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज निर्माण में शिक्षा और संस्कार दोनों का समान महत्व है।

मुस्कान संस्था रहेगी सक्रिय

कार्यक्रम संयोजक एडवोकेट अंशिका रुद्रांश सिंह ठाकुर ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों एवं विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानना, उनका सम्मान करना तथा उन्हें सही दिशा प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में अद्भुत क्षमता होती है, आवश्यकता केवल उसे पहचानने और उचित अवसर उपलब्ध कराने की है। मुस्कान संस्था शिक्षा, संस्कार, व्यक्तित्व विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है तथा भविष्य में भी विद्यार्थियों के हित में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।

बच्चों को बताए करियर के क्षेत्र

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों द्वारा उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार, स्वरोजगार, व्यक्तित्व विकास एवं विभिन्न करियर विकल्पों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह के साथ सहभागिता करते हुए अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम का प्रभावी एवं आकर्षक संचालन अनुषा शर्मा भाटिया ने किया। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता मनीष ठाकुर, भारतीय जनता पार्टी के नगर महामंत्री शैलेंद्र दुबे, सौरव मेहरा, गोपाल शर्मा, मुस्कान संस्था की अधीक्षक सुरेखा धाकड़, विक्रम सिंह, नितिन वर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने सम्मानित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यक्तित्व विकास के लिए भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *