सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पड़ी महंगी, जिम्मेदारों पर लगाया जाएगा जुर्माना, टीएल बैठक के निर्देशों की अनदेखी पड़ेगी जिम्मेदार अफसरों पर भारी…

नर्मदापुरम।  कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने समय-सीमा की बैठक में शासकीय योजनाओं अभियानों एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा की।   कलेक्टर ने राजस्व, सीएम हेल्पलाइन, समय सीमा प्रकरण, न्यायालय एवं आयोगो में लंबित मामले, शहर के अन्य कार्यों की जानकारी ली। कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय स्तर पर लंबित समय-सीमा के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समय पर निराकरण न होने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए जुर्माना अधिरोपित किया जाएगा।

सीएम हेल्पलाइन पर फोकस

बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन के तहत प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अपनी ग्रेडिंग ‘ए’ बनाए रखने एवं रैंकिंग में सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नॉन-अटेंडेड तथा खराब गुणवत्ता के साथ बंद की गई शिकायतों पर भी संबंधित अधिकारियों पर जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने सीएम एवं सीएस मॉनिटरिंग के सभी प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर मिश्रा ने निर्देशित किया कि भ्रमण एवं निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का संबंधित अधिकारियों द्वारा समय सीमा के अनुरूप पालन सुनिश्चित किया जाए तथा उनका कंप्लायंस भी प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने न्यायालयीन प्रकरणों एवं अन्य लंबित मामलों में जिला अभियोजक के साथ समन्वय स्थापित कर समय पर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बड़े बकायादारों से करें वसूली

उपार्जन कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी एसडीएम को उपार्जन केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने, किसानों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। वहीं डीआरसी को वसूली अभियान में तेजी लाने तथा बड़े बकायदारों से प्राथमिकता के साथ वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आवश्यकता पड़ने पर राजस्व अधिकारियों से सहयोग लेने एवं अनुविभागवार बकायदारों की सूची उपलब्ध कराने को भी कहा गया।

सड़कों की मरम्मत की होगी प्लानिंग

कलेक्टर ने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में उपार्जन केंद्र, खाद वितरण केंद्र, एलपीजी गोदाम एवं वितरण केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही पीडब्ल्यूडी, नगर पालिका एवं एमपीआरडीसी सहित निर्माण विभागों को सड़कों की वर्तमान स्थिति का आकलन कर मरम्मत हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने एवं नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लक्ष्यों के अनुरूप शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रकरण तैयार कर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सभी नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने तथा पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ  हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत, संयुक्त कलेक्टर  देवेंद्र प्रताप सिंह, डिप्टी कलेक्टर सरोज परिहार,  नीता कोरी, डॉ. बबीता राठौर सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।