नॉन एफएक्यू क्वालिटी का गेहूं खरीदने वाली सोसायटियों पर कसाएगी नकेल, कलेक्टर के आदेश पर जल्द जारी होंगे नोटिस

कलेक्टर ने इटारसी स्थित उपार्जन केंद्रों का किया निरीक्षण,

नर्मदापुरम। समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की प्रक्रिया शुरु हुए काफी टाइम हो गया है। खरीदी चालू होने से पहले जिला प्रशासन ने खरीदी केंद्रों पर जिम्मेदारी संभालने वाली समितियों को सख्त लहजे में एफएक्यू क्वालिटी का अनाज ही खीरदने के निर्देश दिए थे। जिले में कई समितियों ने गुणवत्ता को ताक पर नॉन एफएक्यू गेहूं की खरीदी कर डाली है। इन समितियों का कारनामा जिला प्रशासन के संज्ञान में आने के बाद अब उनकी मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। नवागत जिला कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने ऐसी सभी चिन्हित समितियों को कारण बताओं नोटिस जारी करने के निर्देश जिला आपूर्ति अधिकारी को दिए हैं। जल्द ही सभी सोसायटी संचालकों को नोटिस जारी हो जाएंगे और जिनके जवाब संतोषजनक नहीं होंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

खरीदी केंद्रों के निरीक्षण के लिए आए थे कलेक्टर

इटारसी क्षेत्र में बनाए खरीदी केंद्रों पर व्यवस्थाओं का  जायजा लेने कलेक्टर सोमेश मिश्रा इटारसी आए थे और इसी दौरान उन्होंने जिला आपूर्ति अधिकारी को उक्त निर्देश दिए। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने इटारसी स्थित गेहूं एवं चना उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया।  भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर मिश्रा ने इटारसी कृषि उपज मंडी के उपार्जन केंद्र पर कार्यरत हम्मालों एवं अपनी उपज बेचने आए किसानों को शीतल पेय उपलब्ध करवाया तथा अपने हाथों से मठा वितरित किया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में ठंडा पानी एवं छांव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे किसानों और श्रमिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

परिवहन पर कलेक्टर का फोकस

कलेक्टर ने उपार्जन प्रभारी को निर्देशित किया कि किसान अपने एसएमएस के अनुसार जिस दिन उपज लेकर पहुंचे, उसी दिन उनकी उपज की तुलाई सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर  मिश्रा ने अधिकारियों को उपार्जित स्कंध का शीघ्र उठाव सुनिश्चित करने तथा परिवहन व्यवस्था में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन किसानों का माल रिजेक्ट किया जाए, उन्हें स्पष्ट कारण बताया जाए और रिजेक्ट स्कंध की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी भी अनिवार्य रूप से की जाए। उपार्जन केंद्रों पर पंखा, छन्ना, ग्रेडर सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि किसान अपनी उपज को बेहतर गुणवत्ता में तैयार कर सकें। कलेक्टर ने छोटे रकबे वाले किसानों की उपज की प्राथमिकता से खरीदी करने के निर्देश दिए तथा किसानों को आश्वस्त किया कि शीघ्र ही बड़े किसानों के लिए भी स्लॉट बुकिंग प्रारंभ की जाएगी। कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि उपार्जन कार्य में किसी प्रकार की समस्या आने पर किसान तत्काल एसडीएम, जेएसओ अथवा संबंधित एसएडीओ को सूचित करें, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।

श्रमिकों को फर्स्ट एड किट प्रदान की

कलेक्टर सोमेश मिश्रा द्वारा इटारसी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रैसलपुर स्थित दादाजी वेयरहाउस में संचालित गेहूं उपार्जन केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्र पर उपस्थित किसानों एवं हम्मालों को भीषण गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से जलजीरा वितरित करवाया। कलेक्टर मिश्रा ने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए उपार्जन कार्य में संलग्न श्रमिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा हेतु प्राथमिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों को फर्स्ट एड किट भी प्रदान की तथा निर्देशित किया कि केंद्र पर फर्स्ट एड बॉक्स की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

समितियों को नोटिस देने का निर्देश

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि  शासन की नीति के अनुरूप ही उपार्जन कार्य संपादित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि केवल एफएक्यू (FAQ) गुणवत्ता के स्कंद की ही खरीदी की जाए। कलेक्टर ने जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि जिन उपार्जन केंद्रों पर समितियों द्वारा नॉन-एफएक्यू गेहूं की खरीदी की गई है, उन्हें तत्काल नोटिस जारी किया जाए। कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि किसी भी स्थिति में किसानों को नुकसान नहीं हो यह सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत  हिमांशु जैन, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी नीता कोरी, अनुविभागीय अधिकारी इटारसी  नीलेश शर्मा, उपसंचालक कृषि रविकांत सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।