
पथरोटा नहर के पास पुलिस की बड़ी कार्रवाई,
इटारसी। पथरौटा नहर के पास पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की। पुलिस टीम ने एक कार को रोककर जब उसकी तलाशी ली तो उसमें से बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त हुई। इस कार्रवाई में शराब की हर एक वैरायटी और कार का नंबर तक पब्लिक डोमेन में आ गया है मगर कुछ राज अब तक दफन ही हैं। कार मालिक से लेकर शराब के अवैध खेप के माईबाप का नाम अब तक सामने नहीं लाया गया है। इस कार्रवाई में इन दोनों बिंदुओं के छूटने से एक नई चर्चा को बाजार में जगह मिल गई है।
कार पर भोपाल का नंबर
पुलिस ने पथरोटा नहर के पास कार्रवाई करते हुए जिस कार को रोका था उसका नंबर एमपी 04 सीडब्ल्यू 0952 है। इस कार से अवैध शराब की खेप बरामद की गई है। पुलिस ने वाहन से 10 प्लेन, 16 अंग्रेजी शराब की बोतलें जिनमें सिग्नेचर, 8 पीएम, ब्लेंडर्स प्राइड और नंबर वन व्हिस्की शामिल हैं, साथ ही दो पेटी बीयर जब्त की है।
पुलिस को मुखबिर से इस कार की इंटेल मिली थी, जिसके आधार पर घेराबंदी कर कार को रोका गया। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में शराब मिलने पर वाहन सहित पूरा माल जब्त कर लिया गया।
ये सवाल रह गए लाजवाब
पुलिस ने अवैध शराब की खेप पकड़ने का जो काम किया है वो निसंदेह प्रशंसनीय है मगर फिर भी कुछ जानकारियां कार्रवाई में दबकर रह गई। इस कार्रवाई में पब्लिक डोमेन कार का नंबर तो आ गया मगर इसका पता नहीं चला कि कार बाहर से आई थी या लोकल की ही थी, कार कौन चला रहा था। कार कहां से शराब की इतनी बड़ी खेप लेकर आई थी और इस खेप को सप्लाई करने वाला सप्लायर कौन था। आपको बता दें कि शहर में कुछ दिन पहले तक अवैध शराब का कारोबार जमकर फलफूल रहा था। नया ठेका होने के बाद कुछ दिनों के लिए इस कारोबार में ब्रेक लग गया था मगर अब फिर से अवैध शराब सप्लाई का काम चालू होने की खबरें आ रही है।
