सड़क निर्माण की मांग के लिए सीएमओ को देना था ज्ञापन, सीएमओ ने मीटिंग में होने का हवाला दिया तो केबिन की दीवार पर चस्पा कर दिया ज्ञापन….

वार्ड में सड़क की बदहाली पर ‘पार्षद’ का कड़ा रुख, दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

अगले मंगलवार से चक्काजाम की चेतावनी

इटारसी। नगर पालिका परिषद इटारसी के वार्ड क्रमांक 12 के पार्षद मनजीत कलोसिया ने वार्ड 12 की प्रमुख सड़क गरीबी लाइन अंडरब्रिज मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को सड़क निर्माण की मांग संबंधी ज्ञापन देने और चर्चा करने के लिए समय देने की बात कही थी मगर सीएमओ रितु मेहरा ने मीटिंग में व्यस्त होने का कहकर सभापति से मिलने में असमर्थता जता दी इससे नाराज सभापति मंजीत कलोसिया ने सीएमओ के चैंबर के बाहर एक ‘चेतावनी ज्ञापन’ चस्पा करते हुए नपा प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठा दिए। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि अगर एक सप्ताह में सड़क का काम चालू नहीं होता है तो नागरिकों के साथ सड़क पर चक्काजाम करेंगे और लोगों का आवागमन बंद करेंगे।

क्या है पूरा मामला

‘गरीबी लाइन से रेलवे अंडर ब्रिज’ तक जाने वाली मुख्य सड़क और नाली का निर्माण किया जाना है। इसमें से नाली का निर्माण हो गया है मगर सड़क का काम बंद पड़ा है। इटारसी नगरपालिका के जिम्मेदारों ने कुछ महीनों पहले इस सड़क पर पेंचवर्क और डामरीकरण किया जो उधड़ चुका है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े गड्ढे, और धूल ने आम जनता का जीना दूभर कर दिया है।

प्रशासन को ‘अंतिम चेतावनी’

पत्र में पार्षद ने सीधे तौर पर नगर पालिका प्रशासन पर ‘घटिया निर्माण’ और ‘गंभीर लापरवाही’ का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। सड़क पर पहले जो काम किया गया था वह घटिया किया गया था।

मुख्य मांगें और 7 दिन का अल्टीमेटम

प्रशासन को सड़क की मरम्मत और उच्च गुणवत्ता वाले पुनर्निर्माण कार्य शुरू करने के लिए केवल एक सप्ताह का समय दिया गया है।
पार्षद मंजीत कलोसिया ने कहा है कि यदि निर्धारित समय में कार्य शुरू नहीं हुआ, तो पार्षद वार्ड की जनता के साथ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। आंदोलन से होने वाली किसी भी स्थिति के लिए नगर पालिका प्रशासन की जिम्मेदारी होगी।

ज्ञापन के बाद पहुंची जेसीबी

पार्षद मंजीत कलोसिया के चेतावनी भरे ज्ञापन के बाद नगरपालिका प्रशासन के जिम्मेदारों की चिंता बढ़ी तो वार्ड की उक्त सड़क पर जेसीबी भेज दी गई। यह जेसीबी सड़क की स्क्रीनिंग के लिए भेजी गई थी मगर इस पर पार्षद संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने इसे लॉलीपॉप थमाने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा अब केवल सड़क का नहीं, बल्कि जनता के हक और सम्मान का है। इसके लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।

इनका कहना है

वार्ड 12 की जिस सड़क की बात हो रही है। जल्द ही उसका काम चालू कराया जाएगा। अभी हमने मौके पर सड़क की स्क्रीनिंग के लिए काम चालू कराने के निर्देश दिए है।

रितु मेहरा, सीएमओ इटारसी नगरपालिका

पार्षद मंजीत कलोसिया