इटारसी। इटारसी की फिजा में अब आईपीएल का सट्टा भी घुलने लगा है। आईपीएल का सट्टा खिलाने वाले शहर में कई बड़े चेहरे हैं जिन तक पुलिस महकमा नहीं पहुंच पा रहा है हालांकि छोटी मछलियों तक पुलिस जरूर पहुंच रही है। ऐसा ही एक मामला सिटी पुलिस थाने की टीम ने पकड़ा है। सिटी पुलिस ने आईपीएल सट्टा कारोबार से जुड़े 4 युवकों को पकड़ा है। इन युवकों के पास से 6 पासबुक में जमा कुल 5.89 लाख रुपए और मोबाइल व दोपहिया वाहन मिलाकर कुल 14 लाख 22 हजार रूपये का माल बरामद किया है। नर्मदापुरम पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस थोटा ने पत्रकार वार्ता में पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया।
मुखबिर से मिली सूचना
इटारसी थाने की पुलिस को नाला मोहल्ला निवासी अंकित अजनेरिया के मकान में आईपीएल सट्टा कारोबार के सम्बन्ध में टिप मिली थी। इस सूचना पर पुलिस टीम ने इटारसी एसडीएम कार्यालय से सर्च वारंट जारी कराया और मकान पर छापामार कार्रवाई की तो वहां से अंकित अजनेरिया, पंकज अजनेरिया, रोहित सक्सेना और दीपक जुनानिया को सट्टा बुक करते पकड़ा गया। पकड़े गए युवकों में अंकित और पंकज अजनेरिया हैं। इन युवकों के पास से 25 मोबाइल, लैपटॉप, टैबलेट, स्कूटी और अन्य सामान जब्त किया गया।
6 पासबुक में जमा थे 5.89 लाख
पुलिस ने जो सामान जब्त किया है उसमें 6 पासबुक ऐसी मिली कि जिनमें 5 लाख 89 हजार रुपए जमा थे। इन्हें होल्ड पर करा दिया गया है। इसके अलावा एक स्कूटी भी जब्त की गई है। मोबाइल और अन्य सभी सामान मिलाकर जब्त किए गए माल की कुल कीमत करीब 14 लाख 22 हजार रूपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अंकित अजनेरिया गूगल क्रोम के माध्यम से एक वेबसाइट से मिलने वाली लिंक से सट्टा खिलवा रहा था। सभी आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
बड़े चेहरों पर रखेंगे नजर
नर्मदापुरम एसपी से रीजनल वॉइस ने जब इटारसी शहर सहित जिले में कुछ बड़े चेहरों के आईपीएल सट्टा कारोबार संचालित करने और उनके विषय समय समय पर आने वाले इनपुट तथा इनकी धरपकड़ के लिए साइबर सेल की सक्रियता सामने नहीं आने का सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि अधिकतर मामलों में आईपीएल सट्टा कारोबार बाहर से ही संचालित होता है। अगर शहर में इस तरह की गतिविधि के इनपुट्स आते है तो अब उनके संदर्भ में निगरानी की जाएगी। इनपुट्स के आधार ऐसे लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।

