नाव से कर रहे थे सागौन की लकड़ी का परिवहन, एक सूचना पर पकड़ाए 3 आरोपी….

इटारसी। इटारसी वन विभाग की टीम ने तवा नदी से नाव के सहारे लाई जा रही सागौन की अवैध लकड़ी को जब्त करने में बड़ी सफलता हासिल की है। वन विभाग की टीम ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार  25 मार्च को वन विभाग को तवा नदी से सागौन लकड़ी के अवैध परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना पर वन मंडल अधिकारी नर्मदापुरम के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र अधिकारी इटारसी ने सूचना के आधार पर टीम बनाकर अवैध रूप से कटी हुई सागौन लकड़ी एवं  नाव को जब्त किया।

यह है मामला

वनरक्षक आशीष व्यास बीट सोनतलाई को गुप्त रूप से सूचना प्राप्त हुई थी कि कक्ष क्रमांक RF-240 में बीती रात अवैध रूप से सागौन के पेड़ों की कटाई की गई है, जिसे जलमार्ग से परिवहन किया जाना है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय सूचना तंत्र के सहयोग से तवा नदी के किनारे घेराबंदी की गई। शाम लगभग 5 बजे, तवा नदी के किनारे टीम ने दबिश दी। यहाँ तवा नदी के मार्ग से नाव के जरिए सागौन की लकड़ी का अवैध परिवहन कर रहे तीन आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा गया। पकड़े गए तीनों आरोपी मानागाँव के निवासी हैं।आरोपियों के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। वर्तमान में जप्त लकड़ी और नाव को बागदेव चौकी लाया गया है, जहाँ मामले की विस्तृत विवेचना वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जारी है।