बिजली सप्लाई रोकने के विरोध में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष ने ग्रामीणों के साथ किया था चक्काजाम, बिजली विभाग की शिकायत पर दर्ज हुआ प्रकरण..

नर्मदापुरम। सोहागपुर विस क्षेत्र के ग्राम रानी पिपरिया में ग्रामीणों ने बिजली विभाग द्वारा सप्लाई बंद किए जाने के विरोध में चक्काजाम किया था। इस चक्काजाम की अगुआई कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पराज पटेल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ की थी। चक्काजाम की घटना को लेकर बिजली विभाग ने सोहागपुर थाना को कार्रवाई करने सम्बंधी पत्र भेजा था। इस पत्र के आधार पर पुलिया ने कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पराज पटेल सहित 6 अन्य लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

बिजली विभाग के लेटर पर इन पर केस दर्ज

मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड वितरण केंद्र पिपरिया ग्रामीण उत्तर के सहायक प्रबंधक विक्रांत धुर्वे के कार्यालयीन पत्र के आधार पर सोहागपुर थाना में पुष्पराज पटेल कांग्रेस नेता सोहागपुर, चंदन सिंह कुशवाहा, धनराज कुशवाहा, मिश्रीलाल कुशवाहा, ख्याली कुशवाहा, कामता प्रसाद नागवंशी, जीवन ठाकुर सभी निवासी रानी पिपरिया एवं अन्य ग्रामीण जनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।

यह है मामला

ग्राम रानी पिपरिया में घरेलू विद्युत देयक का बकाया 48 लाख 88 हजार रुपए है। दिनांक 17.3.26 को सहायक यत्री एवं संबंधित क्षेत्र के लाइन कर्मचारियों द्वारा मध्य प्रदेश की समाधान योजना के अंतर्गत वसूली कैंप लगाया गया था एवं डोर टू डोर वसूली की कार्रवाई की गई थी। अवसर देने के बाद भी ग्रामवासियों द्वारा विद्युत देयक की राशि बकाया जमा न करने पर 100% बकाया वाले 4 नंबर ट्रांसफार्मर की सप्लाई बंद कर दी गई थी। इसके विरोध में दिनांक 18.3.2026 को हाईवे रोड पिपरिया नर्मदापुरम के ग्राम रानी पिपरिया में ग्रामीणों द्वारा लकड़ी एवं अन्य सामग्री के साथ  चक्काजाम कर दिया गया था। चक्काजाम करने से यातायात बाधित हुआ था एवं आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। इस संबंध में उक्त सभी के खिलाफ धारा 126(2), 3(5) बी.एन.एस. का प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *