
नर्मदापुरम। नर्मदापुरम नगर पालिका कार्यालय में एक ठेकेदार की फाइल ने नगरपालिका गलियारे के माहौल को गर्मा दिया। ठेकेदार की गाड़ियों की फाइल पर साइन नहीं करने और फाइल ऑफिस में रखे रखने को लेकर नपाध्यक्ष के सोशल मीडिया हैंडलर और स्वच्छता निरीक्षक के बीच हुआ विवाद भाषा की मर्यादा को लांघ गया। दोनों ही पक्षों ने फोन पर एक दूसरे के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और एक दूसरे की हैसियत दिखाने की कोशिश कर डाली। बाद में दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। दोनों पक्षों के बीच हुआ विवाद शहर में चर्चा का विषय बना रहा।
ऐसे हुआ विवाद
दरअसल विवाद की वजह एक ठेकेदार की फाइलों पर साइन नहीं करना और उसे मांगना बना। फाइल नहीं देने पर स्वच्छता निरीक्षक अनुराग तिवारी को सोशल मीडिया हैंडलर कपिल चौहान ने मोबाइल पर कॉल किया। स्वच्छता निरीक्षक अनुराग तिवारी ने बताया एक ठेकेदार की गाड़ियों की कुछ फाइल है। जिसे साइन कर वापस देना है। कपिल चौहान जो नगरपालिका के न कर्मचारी है न जनप्रतिनिधि है। उनका लगातार आना जाना लगा रहता है। नगर पालिका अध्यक्ष के साथ देखे जाते है। एक ठेकेदार की गाड़ियों की फाइल है, जो साइन कर कपिल चौहान मुझसे मांग रहा था। मुझसे कॉल कर सीधे कहा कि फाइल तो रखकर बैठे हो ऑफिस में। साइन मत करो, लेकिन फोन तो उठाओ। मैंने कहा कि तुम कोई नगर पालिका अध्यक्ष नहीं जो मैं तुम्हारा कॉल उठाऊं। इतना सुनते ही मुझसे उसने कहा कि मुझसे बक…. मत करना नहीं तो सारी घुसेड़ दूंगा, फालतू बात मत करना। तब मैंने कहा तमीज से बात कर तो कपिल चौहान मुझसे बोला कि तू कहा है अभी और मुझ पर रुपए मांगने के झूठे आरोप लगाएं।
एक दूसरे के खिलाफ की शिकायत
स्वच्छता निरीक्षक अनुराग तिवारी और कपिल चौहान के बीच हुई बातचीत के दो ऑडियो भी सामने आएं है। स्वच्छता निरीक्षक को गुस्से भरे लहजे से गालियां दी और देख लेने की धमकी भी दी गई। फिर उनके बीच बस स्टैंड के पास झगड़ा भी हुआ। मामले में स्वच्छता निरीक्षक अनुराग तिवारी ने बुधवार रात को कपिल चौहान के खिलाफ शासकीय काम में बाधा डालने का कोतवाली थाने में केस दर्ज कराया है। वहीं सोशल मीडिया हैंडलर कपिल चौहान की तरफ से भी स्वच्छता निरीक्षक अनुराग तिवारी के खिलाफ गाली गलौज मारपीट और जान से मारने की धमकी का केस दर्ज कराया है।कपिल चौहान ने एफआईआर में उल्लेख किया कि स्वच्छता निरीक्षक अनुराग तिवारी ने बुधवार को शाम 4:00 बजे बस स्टैंड के पर मारपीट कर झगड़ा किया और गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। मामले में रात 1:30 बजे अनुराग तिवारी के खिलाफ केस दर्ज कराया है। कोतवाली थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर ने बताया अनुराग तिवारी ने कपिल चौहान के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और कपिल चौहान ने अनुराग के खिलाफ गाली गलौज मारपीट और जान से मारने की धमकी देने केस दर्ज कराया है।
विधायक प्रतिनिधि ने कहा कामचोर है स्वच्छता निरीक्षक
इस मामले में विधायक प्रतिनिधि और नगर पालिका अध्यक्ष पति महेंद्र यादव को कहना है कि स्वच्छता निरीक्षक अनुराग तिवारी काम नहीं करते हैं। कामचोरी करते है। जिसके चलते उन्हें पहले भी हटाया जा चुका है। अनुराग तिवारी ने एफआईआर में विवाद का जो समय दोपहर 2 बजे लिखाया है। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक वो 12 बजे से नगर पालिका आया ही नहीं था। उसने झूठी शिकायत की है। हम उसकी शिकायत करेंगे।
