
इटारसी। केसला थाने के सामने बाइक सवार दो युवकों को एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवकों की बाइक करीब 50 फीट तक घिसटा गई। हादसे में घायल दोनों युवक अब जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे है। हादसा कैसे और किस परिस्थितियों में हुआ, इसका अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। आसपास के सीसीटीवी तलाशने पर ही हादसे का सही कारण सामने आने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार अनिकेत चौहान 21 वर्ष निवासी मर्यारपुरा केसला अपने दोस्त रोशन सेलुकर के साथ बाइक से इटारसी तरफ आ रहे थे। उसी दौरान केसला थाने के सामने एमएच 33 वीं 3034 नंबर की कार तेज रफ्तार सुखतवा तरफ से आई और उसने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक उछलकर बाइक सहित करीब 50 फीट दूर जा गिरे। दोनों युवकों को हादसे में गंभीर चोटें आई। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के दुकानदार चौंक गए। कार बाइक हादसा देख तत्काल ही मौके पर जमा लोगों की भीड़ ने घायलों को सड़क से हटाकर साइड में किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सुखतवा अस्पताल पहुंचाया। दोनों घायलों को उपचार देने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया गया। केसला थाना प्रभारी उमाशंकर यादव ने बताया कि कार और बाइक की टक्कर हुई है। हादसे 2 युवक घायल हुए जिन्हें अस्पताल भिजवाया गया। हादसा कैसे हुआ इसकी जांच कराई जाएगी।
