1 करोड़ से इटारसी नपा संवार रही खेड़ा तालाब, कैचमेंट एरिया से अतिक्रमण हटाने पर नहीं है ध्यान

खेड़ा तालाब के कैच एरियामेंट 33 परिवारों का कब्जा
इटारसी. खेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया से लगे तालाब (kheda talab project)की सूरत बदलने के लिए इटारसी नगरपालिका (itarsi nagarpalika) ने तालाब सौंदर्यीकरण का काम चालू करा दिया है। यह काम अमृत योजना के तहत होगा। जिस पर करीब 1 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। नगरपालिका ने ड्राइंग डिजाइन के हिसाब से काम चालू कराया है मगर जिस हिसाब से नपा के जिम्मेदार काम करा रहे हैं उस तरह से तालाब का चेहरा संवरने की जगह से बदरंग हो सकता है। दरअसल जो ड्राइंग डिजाइन बनी है वह तालाब के कैचमेंट एरिया को ध्यान में रखकर बनी है मगर तालाब के कैचमेंट एरिया में अतिक्रमण कर मकान बनाकर रह रहे 33 परिवारों के विस्थापन को लेकर अब तक नपा प्रशासन कोई ठोस प्लानिंग नहीं कर पाई है। नपा प्रशासन ने बरसात के बाद उन परिवारों को हटाने का काम करने के दावे किए थे मगर अब गर्मी की दस्तक के बावजूद नपा ने इस पर ध्यान नहीं दिया है।
प्रोजेक्ट इंचार्ज मयंक अरोरा ने बताया कि खेड़ा तालाब का अमृत योजना के तहत सौंदर्यीकरण होना है। तालाब के कैचमेंट एरिया में छोटे घास की जमीन पर अवैध रूप से भवन निर्माण कर रह रहे करीब 33 परिवारों को पूर्व में तहसीलदार ने नोटिस जारी किया था। रिकार्ड के मुताबिक ग्राम सोनासांवरी पटवारी हल्का नंबर 14 में शासकीय भूमि नंबर 442 रकबा 0.463 हेक्टेयर अभिलेख में छोटे घास की जमीन हेतु सुरक्षित की गई थी। कई सालों तक जब इस जमीन का उपयोग नहीं हुआ तो तालाब किनारे कई परिवारों ने यहां अवैध रूप से निर्माण कर सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया है जिन्हें जल्द ही हटाने का काम किया जाएगा।
अभी यह हुआ का खेड़ा स्थित तालाब पर अभी प्राथमिक चरण में केवल दीवार बनाने का काम शुरू हो पाया है। यह काम भी अभी मंद गति से चल रहा है।

एक नजर तालाब सौंदर्यीकरण के प्लान पर…
तालाब का एरिया-13 हजार 66 वर्गमीटर
घाट – 3 वर्गमीटर
स्टोन पिचिंग- 4 रनिंग मीटर
पाथवे 2 मीटर चौड़े – 47 रनिंग मीटर
पौधरोपण – 49 रनिंग मीटर
बैंच – 32 नग
स्ट्रीट लाइट – 32 नग
पेड़ – 35
इनका कहना है
खेड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित तालाब का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसकी तैयारी कर ली गई है। जल्द ही वहां से अतिक्रमण हटाने का काम भी किया जाएगा।
पंकज चौरे, अध्यक्ष, नगरपालिका इटारसी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *