लिव इन रिलेशनशिप में रह रही युवती ने बना रही थी शादी का दबाव इसलिए महाराष्ट्र से इटारसी लाकर की थी हत्या

34 दिन बाद पकड़ा गया हत्या का आरोपी

इटारसी। नागपुर आउटर पर रेलवे लाइन किनारे 6 जनवरी को एक युवती की लाश मिली थी जिसका सिर पत्थर से कुचला हुआ था। सीसीटीवी खंगालने के बाद युवती एक युवक के साथ नजर आई थी। इसके बाद से पुलिस हत्या के एंगल पर काम करने लगी थी। करीब 2 हजार सीसीटीवी खंगालने और साइबर सेल की मदद से इटारसी पुलिस ने आखिरकार युवती की हत्या करने वाले आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। उसे बिहार से पकड़ा गया। हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को डीआईजी ने 30 हजार रूपये का इनाम देने की घोषणा की है। एसपी साईं कृष्ण एस थोटा ने इटारसी थाने में इस घटनाक्रम का खुलासा किया। एसपी ने बताया कि नागपुर आउटर रेलवे लाइन के पास 6 जनवरी को अज्ञात युवती की सिर कुचली लाश मिली थी। इस मामले में बिहार से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान रिजवान खान (24) निवासी जिला रोहतास, बिहार के रूप में हुई है। एसपी ने बताया कि नाला मोहल्ला निवासी आविद खान ने यार्ड रोड पर एक पेड़ के पास युवती का शव पड़े होने की सूचना दी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और जांच शुरू की तो प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने लगभग 2000 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सायबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध का हुलिया और मृतिका के कपड़ों की पहचान कर उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से प्रसारित की गईं। इस प्रयास में तकनीकी डेटा और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम बिहार के रोहतास जिले के कच्छवा थाना क्षेत्र पहुंची। वहां से संदिग्ध रिजवान खान को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया और मृतिका की पहचान रिहाना खातून निवासी भोजपुर (बिहार) के रूप में की। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रिजवान खान और मृतिका रिहाना खातून एक-दूसरे को पहले से जानते थे। वे बीते एक-दो माह से महाराष्ट्र के चंद्रपुर में साथ रह रहे थे। रिहाना खातून आरोपी पर विवाह का दबाव बना रही थी, जबकि रिजवान इससे बचना चाहता था। इसी विवाद के चलते दोनों 4 फरवरी को चंद्रपुर से इटारसी पहुंचे, जहां आरोपी ने सुनसान स्थान पर पत्थर से कुचलकर रिहाना की हत्या कर दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *