
नर्मदापुरम। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के पिपरिया बफर क्षेत्र में डोकरीखेड़ा डेम के पास शनिवार को 35 साल की एक महिला की अर्धनग्न हालत में लाश मिली। महिला की लाश का कमर तक का हिस्सा खुला मिला और सिर को कुचलकर उसे साड़ी से ढंक दिया गया था। लाश की स्थिति देखकर पुलिस महिला के साथ दुष्कृत्य की संभावना भी जता रही है जिसकी पुष्टि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
स्टेशन रोड थाने को एक वनकर्मी ने महिला की सड़ी लाश पड़ी होने की सूचना दी थी। वनकर्मी की सूचना पर स्टेशन रोड थाना प्रभारी आदित्य सेन स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। घटना स्थल पर महिला के शव के कमर से नीचे के हिस्से से कपड़े ऊपर तरफ थे। सिर बुरी तरह से कुचला गया था। महिला का शव दो दिन पुराना बताया जा रहा है। मृतका की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पंचनामे के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए देर शाम को पिपरिया लाया गया। रविवार पोस्टमार्टम होगा तब इस बात का खुलासा होगा कि महिला के दुष्कृत्य भी हुआ था या नहीं। पुलिस ने बताया कि जहां महिला का शव मिला है वह घटना स्थल छोटी अनहोनी रोड डोकरीखेड़ा डैम के पास जंगल का स्थान है। यह क्षेत्र सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के पिपरिया बफर क्षेत्र में आता है। दोपहर में जंगल में गश्ती के दौरान सडक़ से 150 मीटर दूर लाश मिली है। जिसमें काफी बदबू आ रही थी। थाना प्रभारी आदित्य सेन ने बताया कि मृतक महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है। मृतका की उम्र 30 से 35 साल है। नीले रंग की चूड़ी, गुलाबी रंग की सैंडिल, पिंक वाइट साड़ी, काले रंग की जैकेट और पैरों में मोजे पहने मिले है। एसपी सांई कृष्णा थोटा ने बताया कि महिला का शव जंगल में मिला है। सिर कुचला गया है। शरीर के कुछ हिस्से से कपड़े भी हटे थे। पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट होगा कि मृतका के साथ कुछ गलत घटना हुई या नहीं।
