इटारसी। शहर में पुराने बस स्टैंड को हटाकर नवनिर्मित छत्रपति शिवाजी महाराज बस स्टैंड पर भेजने और पुराने बस स्टैंड पर बसों के 5 मिनट के स्टॉपेज को समाप्त करने के जनविरोधी फैसले के खिलाफ कांग्रेस संगठन बाजार में व्यापारियों के बीच पहुंचा। नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी के नेतृत्व में नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा बाजार में जनसमर्थन अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत व्यापारियों से हस्ताक्षर कराकर व्यापारियों का समर्थन लिया गया, जिसमें लगभग 300 व्यापारियों ने मुहर और हस्ताक्षर कर कांग्रेस के आंदोलन को समर्थन दिया। कांग्रेस नेताओं ने व्यापारियों के बीच जाकर कहा कि बस स्टैंड हटने और स्टॉपेज बंद होने से नगर का व्यापार प्रभावित हो रहा है और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन प्रशासन जनता की समस्याओं को नज़रअंदाज़ कर रहा है। यह निर्णय पूरी तरह जनविरोधी है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस व्यापारियों और आम नागरिकों के हितों की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगी। नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही बस स्टैंड को पूर्व स्थान पर नहीं लाया गया और 5 मिनट का स्टॉपेज बहाल नहीं किया गया, तो कांग्रेस को आंदोलन और तेज करना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहन झलिया, ओम सेन, महामंत्री केलु उपाध्याय, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय बाबू चौधरी, मुकेश गांधी, प्रवीण गांधी, पूर्व अध्यक्ष पंकज राठौर, खेल प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष रामशंकर सोनकर, रजनीकांत सोनकर, राकेश चंदेले, बल्ला यादव, अतुल तिवारी, सोनू बकोरिया, अमल सरकार, पिंकी शर्मा, राजेंद्र गोस्वामी, मुकेश चौधरी, लाली सलूजा, यूनुस पठान, कृष्णा चौधरी, भूपेंद्र तिवारी, अभय दुबे, शैलेन्द्र पाठक, अनिल सोनकिया, चंद्रकांत, पप्पू आठनेरे, पप्पी कलोसिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व व्यापारी उपस्थित रहे।

