कांग्रेस संगठन ने एसडीएम कार्यालय में नारेबाजी कर सौंपा ज्ञापन
इटारसी। पुरानी इटारसी में छत्रपति शिवाजी बस स्टैंड पर बस स्टैंड ट्रांसफर करने और नीमबाड़ा के पास स्थित पुराने बस स्टैंड से बसों का स्टॉपेज टोटल बंद करने के निर्णय का चौतरफा विरोध शुरू हो गया है। जिला कांग्रेस, नगर कांग्रेस और कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इस मामले को लेकर एसडीएम कार्यालय परिसर के सामने पहले जमकर नारेबाजी की और फिर एसडीएम नीलेश शर्मा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पुराने बस स्टैंड पर यात्रियों के लिए पिक एंड ड्रॉप की सुविधा चालू करने की मांग सहित अन्य मांगें रखी। कांग्रेस संगठन ने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधि और प्रशासन मिलकर सुविधा के नाम लेकर जनता को परेशान कर रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने निर्णय को बताया जनविरोधी
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पाण्डेय ने कहा कि वर्षों से पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में दुकानदार अपना व्यवसाय कर रहे हैं। पहले से ही ऑनलाइन खरीदारी के कारण व्यापारी परेशान हैं, ऐसे में बस स्टैंड का स्थानांतरण उनके लिए भारी नुकसान का कारण बनेगा। यह निर्णय जनविरोधी है। कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड अध्यक्ष गजानंद तिवारी ने कहा कि इस फैसले से दुकानदारों और बस मालिकों दोनों में भारी रोष है। उनके साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि प्रशासन ने निर्णय वापस नहीं लिया तो मजबूरन बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा। नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने कहा कि हजारों लोगों को पुराने वाले बस स्टैंड से आवागमन में सुविधा थी। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पास होने से लोगों को दिक्कतें नहीं आती थी। अब लोगों को बहुत परेशान होना पड़ रहा है। ऑटो चालक मनमाना किराया वसूल रहे हैं। जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के इस निर्णय से गरीब और आम जनता को खासा परेशान होना पड़ रहा है।
एसडीएम बोले, चर्चा कर लेंगे निर्णय
कांग्रेस संगठन की मांग पर एसडीएम नीलेश शर्मा ने कहा कि इससे पहले भी बस स्टैंड पर यात्रियों के लिए पिक एंड ड्रॉप की सुविधा शुरू की गई थी मगर उस सुविधा का बस संचालक दुरुपयोग करने लगे थे। बस स्टैंड पर काफी टाइम के लिए हर कहीं बसें खड़ी करने की शिकायतें भी सामने आ रही थी इसलिए इस बार उस सुविधा को खत्म किया गया है। अब अगर लोगों को इस सुविधा के हटने से परेशानी आ रही है तो जल्द ही सभी जिम्मेदार पक्षों के साथ बैठकर इस विषय पर चर्चा की जाएगी। चर्चा के बाद ही इस विषय पर निर्णय लिया जा सकेगा।
इनका कहना है
कांग्रेस संगठन ने जो मांगे रखी हैं उन पर तत्काल कोई निर्णय लेना संभव नहीं है। सभी संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकर इस विषय पर चर्चा करेंगे। उस चर्चा में जो तय होगा उसके आधार पर ही निर्णय लिया जाएगा।
नीलेश शर्मा, एसडीएम इटारसी

