पुराने बस स्टैंड पर नहीं आएंगी बसें, 1 फरवरी से जाना होगा नए बस स्टैंड…

आरटीओ रिंकू शर्मा ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अफसरों के साथ किया निरीक्षण
इटारसी। पुरानी इटारसी में नए बनाए गए छत्रपति शिवाजी बस स्टैंड को 1 फरवरी से शुरू कर दिया जाएगा। मौजूदा बस स्टैंड पर कोई भी यात्री बसें नहीं आएंगी। शुक्रवार शाम आरटीओ रिंकू शर्मा ने नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, एसडीएम नीलेश शर्मा, एसडीओपी वीरेंद्र मिश्र, सीएमओ रितु मेहरा और उपयंत्री आदित्य पांडे के साथ पुरानी इटारसी स्थित छत्रपति शिवाजी बस स्टैंड का निरीक्षण करने के बाद इस संबंध में यह निर्णय कर दिया है। 

नियमों की अनदेखी पर होगी सख्त कार्रवाई

आरटीओ रिंकू शर्मा ने बस संचालकों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी।उन्होंने कहा कि रूट का कड़ाई से पालन किया जाएगा। अब बसें बाजार क्षेत्र में मौजूद पुराने बस स्टैंड पर नहीं जाएंगी। ओवरब्रिज पर बसों का स्टॉपेज पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। शुरुआती दिनों में आरटीओ का स्टाफ मौके पर तैनात रहेगा ताकि व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

    समीक्षा बैठक में हुई थी चर्चा

    यह निर्णय विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा द्वारा 27 जनवरी को आयोजित बैठक में दिए गए निर्देशों के बाद लिया गया है। विधायक ने स्पष्ट किया था कि जनहित में 1 फरवरी से नए बस स्टैंड का संचालन शुरू किया जाना है। मौजूदा बस स्टैंड के कारण शहर में अव्यवस्था फैलती है।

    पिक एंड ड्रॉप पर फिलहाल रोक

    पुराने बस स्टैंड पर पिक एंड ड्रॉप सुविधा रखने के संबंध में बाते हुई थी मगर कोई निर्णय नहीं हुआ था। जिम्मेदारों ने कई एंगल पर विचार मंथन के बाद पुराने बस स्टैंड से पिक एंड ड्रॉप की सुविधा को भी बंद करने का निर्णय लिया है हालांकि इस निर्णय से हजारों लोगों को परेशानी होना तय है मगर प्रशासन अभी इस सुविधा को चालू करने के मूड में नहीं है।

    रीजनल वॉइस से बोलीं आरटीओ रिंकू शर्मा

    पुरानी इटारसी में छत्रपति शिवाजी बस स्टैंड को 1 फरवरी से चालू करने और पुराने बस स्टैंड से कोई भी बस का संचालन नहीं होने की स्थिति में शहर के हजारों लोगों, महिलाओं, स्कूली विद्यार्थियों, व्यापारियों और बाहर से आने वाले रेल यात्रियों को बड़ी समस्या से जूझना पड़ेगा और उन्हें अतिरिक्त पैसा और समय नए बस स्टैंड तक आने-जाने में खर्च करना होगा, इस सवाल के जवाब में आरटीओ रिंकू शर्मा ने कहा कि पुरानी इटारसी में नए बस स्टैंड को 1 फरवरी से चालू करने का निर्णय ले लिया है। मौजूदा बस स्टैंड से शहर में ट्रैफिक पर भी असर पड़ता है। यह बात सही है कि लोगों को शुरुआत में परेशानी होगी मगर ये निर्णय सारे एंगलों पर विचार के बाद ही लिया गया है। अभी देखते है कि क्या रिजल्ट आते है। अगर लोगों को बहुत ज्यादा दिक्कतें आएंगी तो बाद में पिक एंड ड्रॉप सुविधा पर सबके साथ बैठकर चर्चा करने के बाद निर्णय लिया जाएगा।