
इटारसी। अग्रवाल भवन के पीछे नजूल की जमीन पर एक रात में 11 गुमठियां तानने का कारनामा करने वाले चेहरे नदारत हैं। कई महीने तक चले पत्राचार के खेल के बाद अंततः नगर प्रशासन ने इन गुमठियों को मिट्टी में मिलाने का आदेश जारी कर दिया। तहसीलदार को इस संबंध में लिखित निर्देश देकर की गई कार्रवाई से एसडीएम कार्यालय को अवगत कराने को भी कहा गया है। आपको बता दें कि इन गुमठियों के नहीं तोड़े जाने को लेकर प्रशासन पर भी सांठगांठ के छींटे पड़ रहे थे। इन अवैध गुमठियों की शिकायत नया यार्ड निवासी सुरेश चिचवारे ने की थी
तहसील कार्यालय को मिला तोड़ने का आदेश
एसडीएम कार्यालय से जारी पत्र में कहा गया है कि उपरोक्त विषयांतर्गत आपके द्वारा संदर्भित पत्र के माध्यम से इस कार्यालय को यह जानकारी उपलब्ध कराई गई है कि इटारसी स्थित भूमि नजूल शीट नं0 09 प्लाट नं0 10/3 एवं 10/4 रकबा क्रमशः 4300 व०फु० एवं 7750 व० फु० सडक प्रबंधन नगर पालिका परिषद इटारसी के नाम पर दर्ज है। जो कि अग्रवाल भवन के पीछे सडक से लगी भूमि पर लगभग 600 व० फु० भूमि पर अज्ञात लोगों द्वारा टीन शेड डालकर अवैध निर्माण कर लिया है। उक्त संबंध में उक्त अतिक्रमण के संबंध में अतिक्रमणकर्ता की जानकारी न होने से उक्त 11 टीन शेड को हटाया जाना उचित बताया है। अतः उक्त के संबंध में आपको आदेशित किया जाता है कि आप उक्त अतिक्रमण को विधिवत हटाये जाने की कार्यवाही कर वस्तुस्थिति से इस न्यायालय को अवगत करावें।
सीएमओ ने 3 दिन में नहीं दिया था जवाब
एसडीएम कार्यालय से इटारसी नगर पालिका कार्यालय को भी पत्र भेजा गया था जिसमें कहा गया था कि उपरोक्त विषयांतर्गत संदर्भित पत्र के माध्यम से आपको शिकायतकर्ता सुरेश चिचवारे निवासी इटारसी की शिकायत एवं दिनांक 25/09/2025 के दैनिक समाचार पत्र में अग्रवाल भवन के पास अवैध टीन शेड निर्माण करने की शिकायत के संबंध में राजस्व निरीक्षक इटारसी द्वारा अतिक्रमण के संबंध में जॉच रिपोर्ट प्रस्तुत की गई थी जिसमें उल्लेख किया गया था कि नजूल शीट नं0 09 प्लाट नं0 10/3 एवं 10/4 रकबा क्रमशः 4300 व०फु० एवं 7750 व0फु० सडक प्रबंधन नगरपालिका परिषद इटारसी के नाम पर दर्ज है। उक्त अग्रवाल भवन के पीछे संडक से लगी 800 व०फु० भूमि पर अज्ञात लोगों द्वारा 11 टीनशेड डालकर अवैध निर्माण कर लिया है, जिसके संबंध में आज दिनांक तक आपकी ओर से कोई कार्यवाही नहीं की गई है और न ही उक्त संबंध में कोई जबाव प्रस्तुत किया गया है जोकि घोर आपत्तिजनक है। अतः उक्त संबंध में 03 कार्यदिवस में विधिअनुरूप कार्यवाही कर पालन प्रतिवेदन इस कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें अन्यथा की स्थिति में शासकिय कर्तव्यों के प्रति लापरवाही एवं उदासीनता के संबंध में वरिष्ठ कार्यालय को अवगत कराया जावेगा।
इनका कहना है
अग्रवाल भवन के पीछे की गुमठियों को तोड़ने के संबंध तहसील कार्यालय को आदेशित कर दिया है। जल्द ही सभी गुमठियों को हटाया जाएगा।
*नीलेश शर्मा, एसडीएम इटारसी*

