जीआरपी ने 2 लोगों से बरामद की चोरी की 5 मोटरसाइकिल, मुखबिर तंत्र ने दिलाई बाइक चोरों को पकड़ने में सफलता…

इटारसी। रेल्वे प्लेटफार्म एवं सर्कुलेटिंग एरिया में यात्रियों की मोटर साइकिलों की चोरी के मामलों से परेशान जीआरपी के लिए मुखबिरी तंत्र एक बार फिर रामबाण साबित हुआ है। मुखबिर से मिले इनपुट के आधार जीआरपी ने 2 आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। इनमें से एक आरोपी नाबालिग है। दोनों से करीब सवा 4 लाख रूपये कीमत की 5 बाईकों को बरामद किया गया।

यह है मामला

जीआरपी थाने के अनुसार फरियादी रोहन पिता ओमप्रकाश पवार उम्र 27 बर्ष निवासी डीआरपी लाईन नर्मदापुरम 10.01.26 को अपने दोस्त एवं भाई को ट्रेन में बैठाने हेतु रेल्वे स्टेशन नर्मदापुरम आया था । फरियादी द्वारा रेल्वे स्टेशन नर्मदापुरम में स्प्लेंडर मोटर सायकल प्लेटफार्म नं 2 के बाहर सर्कुलेटिंग एरिया में खड़ी कर दी थी। अपने भाई एवं दोस्त को ट्रेन में बैठाने प्लेटफार्म के बाद जब वह वापस आया तो सर्कुलेटिंग एरिया में खड़ी मोटर सायकल नहीं थी, कोई अज्ञात बदमाश बाइक चोरी कर ले गया था। फरियादी द्वारा जीआरपी चौकी नर्मदापुरम में मोटर साइकल चोरी होने की रिपोर्ट की गई थी। प्रकरण में मोटर साइकिलों की लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राहुल लोढ़ा द्वारा मामले को संज्ञान मे लेकर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय चौकसे को अज्ञात आरोपी व चोरी गई मोटर साइकिल की बरामदगी हेतु विशेष निर्देश देकर एक विशेष टीम गठित की गई।

मुखबिर से मिली सूचना

प्रकरण की विवेचना के दौरान  21.01.26 को मुखबिर की सूचना प्राप्त हुई कि रामजी बाबा के मंदिर नर्मदापुरम के पास दो अज्ञात व्यक्ति आने- जाने वाले व्यक्तियों से कम पैसे में मोटर साइकिल बेचने की बातें कर रहे है। उक्त सूचना पर पुलिस टीम द्वारा मुखबिर द्वारा बताये पते पर पहुँचकर कर मुखबिर की निशादेही पर दो व्यक्तियों को घेरा बंदी कर पकड़ा गया। उनमें एक का नाम बसंत चौहान पिता वीर सिंह चौहान उम्र 24 बर्ष निवासी वार्ड नं 02 रेहटी जिला सीहोर था और दूसरा 17 बर्ष का नाबालिक था। जिनसे पास में खड़ी 2 मोटर साइकिल के बारें में पूछने पर उक्त दोनों मोटर साइकिलें अलग –अलग समय पर  रेल्वे स्टेशन नर्मदापुरम के सर्कुलेटिंग एरिया से चोरी करना बताया। उनका मिलान अपराधों में चोरी गई मोटर साइकिल से करने पर उनका रिकॉर्ड थाने में मिल गया। आरोपी बसंत चौहान द्वारा पूछताछ में चोरी की तीन अन्य मोटर साइकिलें अपने घर रखी होना बताने पर आरोपी के घर से तीन स्प्लेंडर मोटर साइकिलें और जप्त की गई। बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर जेएमएफ़सी न्यायालय नर्मदापुरम पेश किया गया ।