जनता के बीच पहुंचे कांग्रेसी, बोले भाजपा के राज में नाले कर रहे मां नर्मदा का आंचल गंदा..

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में चलाया हस्ताक्षर अभियान
नर्मदापुरम। आस्था की प्रतीक मां नर्मदा में शहर का गंदा पानी नालों के माध्यम से मिल रहा है। हर साल इन नालों को बंद होने की घोषणाएं होती हैं मगर आज तक ये नाले नर्मदा को गंदा कर रहे हैं। मां नर्मदा प्रकटोत्सव की चल रही तैयारियों के बीच नगर कांग्रेस ने इस महत्वपूर्ण मुद्दे को उठाकर विरोध के स्वर बुलंद किए हैं। नगर कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक गिरिजाशंकर शर्मा के नेतृत्व में बाजार क्षेत्र में हस्ताक्षर अभियान चलाया। अभियान के दौरान नर्मदा नदी में मिल रहे नालों को बंद करने के समर्थन में जनता से हस्ताक्षर कराए गए।
इन घाटों पर मिल रहे नाले
नर्मदा नदी के घाटों पर शहर का गंदा पानी नालों के माध्यम से आता है। सेठानी घाट, कोरी घाट सहित अन्य घाटों पर कहीं न कहीं से नाले आकर मिले हुए हैं जो साल भर मां नर्मदा का आंचल मैला करते हैं। पिछले कई सालों से नर्मदा जयंती पर इन नालों को बंद करने के दावे होते हैं जिन्हें कार्यक्रम के बाद भुला दिया जाता है।
यहां चलाया अभियान
नगर कांग्रेस नर्मदापुरम द्वारा मां नर्मदा में मिल रहे दूषित नाले को बंद करने की मांग को लेकर शहर के बस स्टैंड क्षेत्र से होते बाजार क्षेत्र की प्रमुख सडक़ों पर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्थानीय व्यापारी, आम नागरिक, समाजसेवी, महिला वर्ग, रेहड़ी वाले सहित अन्य लोगों से हस्ताक्षर कराए। कांग्रेसियों ने उन्हें बताया कि पिछले दो दशकों से नर्मदा जयंती के दिन प्रदेश सरकार के मुखिया घोषणा करते रहे हैं मगर उन पर अमल नहीं हुआ है। इस हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से 25 जनवरी को मां नर्मदा जयंती के दिन प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के समक्ष नर्मदापुरम की आस्था से जुड़े इस गंभीर मुद्दे को रखा जाएगा और जल्द से जल्द इसका निराकारण करने की मांग की जाएगी।
यह रहे अभियान में मौजूद
हस्ताक्षर अभियान में नगर अध्यक्ष कमलेश बाथरे, नेता प्रतिपक्ष अनोखी राजोरिया, पूर्व नगर अध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी, अजय सैनी, फैजान उल हक, राजू मिश्रा, युकां नगर अध्यक्ष गुलाम मुस्तफा, अमित खत्री, कुलदीप राठौर, गुलाम हैदर, महेश पाण्डे, सूरज तिवारी शैलेश शुक्ला, रिजवान खान, संतोष तोमर, राकेश शर्मा, कपिल यादव, आयुष्मान अवस्थी, विशाल प्रधान, धीरज बहुत्रा, मोहन वैद, गोविंद चौहान, विक्की आर्या, कैलाश बाबू,सलीम खान आदि ने जनसंवाद किया।
इनका कहना है
हर साल मां नर्मदा प्रकटोत्सव पर नर्मदा नदी में मिल रहे नाले बंद करने की घोषणा होती है मगर काम कुछ नहीं होता। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से जनभावनाओं से मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को 25 जनवरी को अवगत कराया जाएगा।
गिरिजाशंकर शर्मा, पूर्व विधायक
नर्मदा नदी में मिल रहे नालों को बंद करने के लिए सीवेज प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। जल्द ही इस समस्या का निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा।