कांग्रेस के वरिष्ठ पार्षद धर्मदास मिहानी को दी गई नपा कार्यालय में श्रद्धांजलि, जनप्रतिनिधियों ने स्व.मिहानी को सच्चा जनसेवक बताया…

इटारसी। नगर पालिका परिषद में कांग्रेस से वार्ड पार्षद स्व.धर्मदास मिहानी के आकस्मिक निधन के बाद नगर पालिका कार्यालय में शोक सभा का आयोजन किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी रितु मेहरा सहित निकाय के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्यालय में एकत्रित होकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण किया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने स्व. मिहानी के मिलनसार व्यक्तित्व और जनसेवा के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। नगर पालिका अध्यक्ष और अधिकारियों ने स्व.मिहानी के आकस्मिक निधन को निकाय के लिए एक बड़ी क्षति बताया। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दुख की इस घड़ी में परिवार को संबल प्रदान करें। उल्लेखनीय है कि स्व. धर्मदास मिहानी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में शुमार थे। वे संगठन की हर गतिविधि में पूरी सक्रियता से शामिल होते थे। इसके अलावा वे सिंधी समाज के विकास के लिए भी सदैव सक्रिय रहते थे। वे व्यापारिक संगठनों से भी जुड़े थे जिनके माध्यम से वे व्यापारियों की समस्याओं को प्रशासन के सामने रखकर उनका निराकरण भी कराते थे।