वार्ड 12 में बूथ लेवल ऑफिसर का कारनामा, मृतकों के नाम जोड़ दिए मतदाता सूची में, कांग्रेस ने की बीएलओ पर कार्रवाई की मांग….

नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन,
इटारसी। नगर के वार्ड क्रमांक 12 में बीएलओ यानी बूथ लेवल ऑफिसर की गंभीर लापरवाही सामने आने से अब यह सवाल खड़ा हो गया है कि शहर के अन्य 33 वार्डों में भी जो नाम जोड़े या काटे गए हैं उनमें गंभीरता से काम हुआ या नहीं, नगर कांग्रेस ने इस मामले को मुद्दा बनाते हुए मामले में तीखे तेवर अख्तियार कर लिए हैं वार्ड 12 में बड़ी लापरवाही सामने आने के बाद नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी के नेतृत्व में कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल एसडीएम से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मतदाता सूची में सुधार करने और लापरवाह बीएलओ पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने कहा कि मतदाता सूची में मृत व्यक्तियों के नाम होना लोकतंत्र के साथ खुला खिलवाड़ है। यह लापरवाही यदि समय रहते नहीं रोकी गई तो चुनाव की निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लग सकता है। उन्होंने दोषी बीएलओ के खिलाफ तत्काल कार्रवाई एवं मतदाता सूची में शीघ्र सुधार की मांग की। यह मामला एक बड़ा सवाल खड़ा कर गया है कि अन्य वार्डों में भी तो इस तरह की लापरवाही हुई है तो उसका समग्र जिम्मेदार कौन होगा। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। ज्ञापन देते समय प्रतिनिधिमंडल में पूर्व पार्षद रजनीकांत सोनकर, चंदू दुबे, अतुल तिवारी, अनिल रैकवार, सोनू बकोरिया, पिंकी शर्मा, अनूप काचले, ज्ञानेंद्र उपाध्याय, मुकेश चौधरी, शेख रमजान एवं राजेंद्र गोस्वामी शामिल रहे। इस मामले में। एसडीएम नीलेश शर्मा ने कहा कि मामले में जांच कराई जाएगी। अगर लापरवाही पाई जाती है तो निश्चित तौर पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।