मामला खुला तो मचा हडक़ंप
नर्मदापुरम। माखन नगर के मोहासा औद्योगिक क्षेत्र(mohasa industrial area) में रिन्यूएबल एनर्जी पार्क के खाली प्लाट नंबर 18 से 12 हजार 319 घनमीटर मिट्टी चोरी(soil chori) होने का मामला सामने आया है। खनन माफिया ने मिट्टी की खुदाई कर हजारों डंपरों से चोरी की घटना को अंजाम देकर जिला प्रशासन को चुनौती दे डाली। कलेक्टर सोनिया मीना के निर्देशन में बनी संयुक्त जांच दल ने खुदाई का खुलासा किया। जांच में पता चला कि माफिया ने 15 फीट तक मिट्टी खोदी गई है। इस अवैध उत्खनन की एमपीआईडीसी, खनिज और राजस्व विभाग के जिम्मेदार अफसरों को भनक तक नहीं लगी।
निगम ने खनिज विभाग को पत्र लिखा
एमपीआईडीसी की टीम ने अवैध उत्खनन क्षेत्र का निरीक्षण कर कलेक्टर को पत्र भेजा है। निगम ने खनिज विभाग को भी कार्रवाई के लिए पत्र लिखा। अब औद्योगिक क्षेत्र में निर्माणधीन फैक्ट्री कंपनियों को नोटिस जारी किया जाएगा और उनसे पूछा जाएगा कि मिट्टी उन्होंने कहां से और किससे खरीदी।
औद्योगिक क्षेत्र में मिट्टी का हो रहा उत्खनन
मोहासा औद्योगिक क्षेत्र में कई उद्योगों का निर्माण कार्य चल रहा है। बाहर से मिट्टी लाना महंगा होने की वजह से खनन माफिया ने इंडस्ट्रियल एरिया के प्लाट से ही अवैध उत्खनन कर डाला है। अब अधिकारियों की टीम यह पता लगाने में लगी है कि चोरी की मिट्टी कहां गई। औद्योगिक क्षेत्र में काम कर रही कंपनियों को नोटिस भेजकर पूछा जाएगा कि उनके यहां इस्तेमाल की गई मिट्टी कहां से और किससे खरीदी गई।
पहले भी पकड़े जा चुके तीन डंपर
खनिज विभाग ने मोहासा औद्योगिक क्षेत्र और आसपास के क्षेत्रों में गौण खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन की नियमित जांच की थी। इस दौरान
6 जून 2025 को एक डंपर आरजे 19 जीएफ 9431 और 8 नवंबर 2025 को दो डंपरों क्रमश: आरजे 17 जीबी 9099 और आरजे 17 जीसी 9007
को अवैध उत्खनन करते हुए पकड़ा गया। इन वाहनों के मालिक/चालक से नियमों के तहत 78,000 रुपए जुर्माना वसूला गया था।
इनका कहना है
मोहासा इंडस्ट्रियल एरिया के प्लाट नंबर 18 से करीब 12 हजार 319 घनमीटर मिट्टी का अवैध खनन किया गया है। इस मामले का पंचनामा तैयार कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। परिसर में काम करने वाली कंपनियों से भी जानकारी ली जाएगी ताकि पता चल सके कि उन्होंने मिट्टी किससे डलवाई थी। इस मामले के दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दिवेश मरकार, जिला खनिज अधिकारी नर्मदापुरम

