पथरोटा से कुबड़ाखेड़ी होते हुए जुझारपुर तक सडक़ बदहाल, हजारों लोगों को मिलेगी आवागमन की सुविधा

लोनिवि मंत्रालय भोपाल के पास जमा है प्रस्ताव

इटारसी। शहर से सटे पथरोटा (pathrota)और जुझारपुर गांवों के अलावा इनके आसपास के दर्जनों गांवों को एक-दूसरे के क्षेत्र में जाने के लिए कोई सीधी सडक़ अब तक जिम्मेदार नहीं बनवा सके हैं। पथरोटा से जुझारपुर तक व्हाया कुबड़ाखेड़ी (kubdakhedi road)तक की 7 किमी की कच्ची सडक़ से ही हजारों लोगों को आवागमन करना मजबूरी है। 10 साल पहले पथरोटा से जुझारपुर व्हाया कुबड़ाखेड़ी होते हुए सडक़ बनाने का प्रस्ताव लोक निर्माण विभाग भोपाल को भेजा गया था जो अब तक धरातल पर ही नहीं आया है।
वर्ष 2015 में बना था प्रस्ताव
वर्ष 2015 में लोक निर्माण विभाग मंत्रालय की जिम्मेदारी जब सिवनीमालवा से विधायक रहे स्वर्गीय सरताज सिंह के पास थी तब जुझारपुर और उसके आसपास के गांवों को पथरोटा और इटारसी शहर से कनेक्ट करने के लिए कुबड़ाखेड़ी होते हुए करीब 7 किमी की सडक़ का प्रस्ताव लोनिवि मंत्रालय भोपाल भेजा गया था। वर्ष 2016 में उनसे मंत्री पद छीन लेने के बाद यह प्रस्ताव भोपाल में ही दबकर रह गया है।
यह प्रस्ताव भी भेजे थे
लोनिवि मंत्रालय भोपाल को हजारों ग्रामीणों की सुविधा की खातिर जुझारपुर व्हाया कुबड़ाखेड़ी पथरोटा तक 7 किमी की सडक़ के अलावा कुबड़ाखेड़ी से छीरपानी तक 4 किमी, धांई से नएपुरा तक 1 किमी की सडक़ के साथ ही सोठिया की पुलिया का करीब 68 लाख का प्रस्ताव भी भेजा गया था। यह प्रस्ताव पिछले 10 साल से धूल खा रहे हैं। इन सभी प्रस्तावों को लेकर सिवनी मालवा विधायक प्रेमशंकर वर्मा लोनिवि भोपाल रिमाइंडर लेटर भी दे चुके हैं मगर अब तक उस पर ध्यान ही नहीं दिया गया है।
हजारों लोगों को होगा लाभ
पथरोटा बड़ी से जुझारपुर तक की बदहाल सडक़ के निर्माण होने से यह दोनों ग्राम पंचायतों के अलावा आसपास के कई गांवों के हजारों लोगों को आवागमन की बड़ी सुविधा मिल जाएगी। अभी हालात यह है कि पथरोटा और जुझारपुर के लोगों को लंबा चक्कर लगाते हुए आचार्य मंगल भवन पुरानी इटारसी वाले रूट का ही उपयोग करना पड़ता है।
प्रायमरी स्कूल के बच्चे भी परेशान
पथरोटा के सरकारी प्राइमरी स्कूल में पढऩे वाले छोटे बच्चों को हर रोज एक किलोमीटर का मुश्किल भरा रास्ता तय करना पड़ता है। हाईवे से स्कूल तक का रास्ता भी कच्चा है। बारिश भर सडक़ पर कीचड़ और पानी भरा रहता है। स्कूल भवन परिसर से लेकर हाईवे तक तवा की मुख्य नहर के किनारे सीमेंट अथवा गिट्टी मुरम की सडक़ बनाने की मांग ग्रामीण कई साल से कर रहे हैं। यह रास्ता पंचायत के वार्ड-1 से होकर जाता है। ग्राम पंचायत ने बिहारी कॉलोनी में पानी निकासी एवं बारिश में जल भराव की समस्या का निराकरण पक्का नाला बनाकर किया है मगर सडक़ पर कोई काम अब तक नहीं हो पाया है।
इनका कहना है
पथरोटा से कुबड़ाखेड़ी होते हुए जुझारपुर तक की सडक़ सहित कुछ अन्य सडक़ों के लिए हमने प्रस्ताव बनाकर दिए हैं। इन सभी सडक़ों के निर्माण के लिए प्रयास किए जा रहे हैं ताकि ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा मिले।
प्रेमशंकर वर्मा, विधायक सिवनीमालवा
जिन सडक़ों के बारे में आप बता रहे हैं उनके सभी प्रस्तावों के बारे में जानकारी निकाल लेते हैं। इस मामले में वरिष्ठ कार्यालय से पत्राचार किया जाएगा। पथरोटा बड़ी नहर के बाजू से जुझारपुर तक १ किमी सीसी रोड निर्माण के लिए शासन को एस्टीमेट बनाकर भेजा है। इसी रास्ते पर प्राइमरी स्कूल भी है। शासन से स्वीकृति के बाद निर्माण कार्य कराया जाएगा।
आमोद दुराफे, एसडीओ लोक निर्माण विभाग

जुझारपुर से पथरोटा का सीधे कनेक्ट करने के लिए कुबड़ाखेड़ी रोड बहुत आवश्यक है। करीब 7 किमी लंबे इस रोड सहित कुबड़ाखेड़ी से छीरपानी और नएपुरा से धांई तक की सडक़ का निर्माण भी जरुरी है। इससे हजारों ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा मिलेगी वहीं इटारसी शहर का भी विस्तार होगा।