स्वीकृति नहीं आने से ठेकेदार ने बंद किया काम, 33 परिवारों के कब्जे में है अब तक कैचमेंट एरिया की जमीन

1 करोड़ से तालाब सौंदर्यीकरण की है इटारसी नपा की योजना,

इटारसी. खेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया से लगे तालाब की सूरत बदलने के लिए इटारसी नगरपालिका ने तालाब सौंदर्यीकरण का प्लान तैयार किया है। यह काम अमृत योजना के तहत होगा। जिस पर करीब 1 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। नगरपालिका ने इसका ड्राइंग डिजाइन भी तैयार कर लिया था जिसे स्वीकृति के लिए भोपाल भेजा गया था। डिजाइन स्वीकृति की प्रत्याशा में कंस्ट्रक्शन एजेंसी ने तालाब की पिचिन का काम चालू किया था जो बरसात के कारण बंद हो गया था। बरसात खत्म होने के बाद भी जब भोपाल से ड्राइंग डिजाइन को स्वीकृति नहीं मिली तो कंस्ट्रक्शन एजेंसी ने तालाब पर काम ही बंद कर दिया है। अब वहां सन्नाटा पसरा हुआ है। इधर दूसरी तरफ तालाब के कैचमेंट एरिया में अतिक्रमण कर मकान बनाकर रह रहे 33 परिवारों के विस्थापन को लेकर भी कोई प्लानिंग नहीं हो पाई है।
नोटिस देकर भूले जिम्मेदार
खेड़ा तालाब का अमृत योजना के तहत सौंदर्यीकरण होना है। ड्राइंग एप्रूवल के लिए शासन को भेज दिया गया है। वहां से अब तक अनुमति नहीं आ पाई है। अनुमति लेने के लिए प्रयास कर रहे हैं। तालाब के कैचमेंट एरिया में छोटे घास की जमीन पर अवैध रूप से भवन निर्माण कर रह रहे करीब 33 परिवारों को पूर्व में तहसीलदार ने नोटिस जारी किया था। रिकार्ड के मुताबिक ग्राम सोनासांवरी पटवारी हल्का नंबर 14 में शासकीय भूमि नंबर 442 रकबा 0.463 हेक्टेयर अभिलेख में छोटे घास की जमीन हेतु सुरक्षित की गई थी। कई सालों तक जब इस जमीन का उपयोग नहीं हुआ तो तालाब किनारे कई परिवारों ने यहां अवैध रूप से निर्माण कर सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया। प्रशासन के जिम्मेदार अफसर भी नोटिस देकर चुप्पी साधकर बैठ गए हैं जिससे अब तक यहां के अतिक्रमण नहीं हट पाए हैं।
अभी यह हुआ काम
खेड़ा स्थित तालाब पर अभी प्राथमिक चरण में केवल दीवार बनाने का काम शुरू हो पाया था वह भी पूरा नहीं हो पाया है। बरसात चालू होने से फिलहाल वहां काम थम गया है। तालाब बरसात के पानी से भर गया है इसलिए फिलहाल वहां हर गतिविधि थम गई है। बरसात के बाद ही अब काम चालू होगा।
एक नजर तालाब सौंदर्यीकरण के प्लान पर…
तालाब का एरिया-13 हजार 668 वर्गमीटर
घाट – 38 वर्गमीटर
स्टोन पिचिंग- 466 रनिंग मीटर
पाथवे 2 मीटर चौड़े – 479 रनिंग मीटर
पौधरोपण – 492 रनिंग मीटर
बैंच – 32 नग
स्ट्रीट लाइट – 32 नग
पेड़ – 35
इनका कहना है
खेड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित तालाब का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसकी तैयारी कर ली गई है। जल्दी ही काम शुरू कराएंगे। इससे लोगों को एक सुंदर स्थान घूमने फिरने के लिए मिलेगा। तालाब सौंदर्यीकरण से जलस्तर भी बेहतर होगा।