इटारसी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव एवं प्रदेश प्रभारी उषा नायडू ने एसआईआर पर नजर रखने और सत्यापन सूची का गंभीरता से निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। इसी के परिपालन में नगर कांग्रेस कमेटी इटारसी के अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने शहर के मतदान केंद्रों पर पहुंचकर निर्वाचन आयोग द्वारा 23 दिसंबर को गहन पुनरीक्षण के बाद जो अस्थाई मतदाता सूची जारी की है उसका गहन निरीक्षण किया। पूरे शहर से करीब 4 हजार मतदाताओं के नाम कटने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने बड़ा आरोप लगाया। नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने कहा कि एसआईआर में बीएलओ और सुपरवाइजर लापरवाही कर रहे है। भाजपा और सरकार के दबाव में कांग्रेस समर्थित मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे है जो गलत है। भगत सिंह नगर के मतदान केंद्र 203 एवं 204 जहां करीब 200 मतदाताओं के नाम ड्रॉप रोल में आने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और इसे शासकीय बीएलओ व सुपरवाइजर की लापरवाही बताया। नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने कहा कि पूरे इटारसी शहर में 4000 से अधिक पात्र मतदाताओं के नाम आयोग की लापरवाही से ड्रॉप रोल में चले गए है उन्हें फिर से नाम जुड़वाने एक बार परेशान होना पड़ेगा अन्यथा वे मतदान प्रक्रिया से वंचित हो जाएंगे । निर्वाचन आयोग सत्ताधारी दल और उनकी सरकार के दबाव में आकर कांग्रेसी मतदाताओं के नाम सूची से हटाने की कोशिश कर रहा है। यह जानकारी प्रदेश प्रभारी तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में मतदाता सूचियां का विशेष गहन पुनरीक्षण कांग्रेस करते रहेगी। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस नेता यशवंत बकोरिया सोनू, यूनुस पठान, जावेद खान आदि मौजूद रहे।

