विवाद से बचने मीडिया को चुपचाप दे रहे ग्रामीण जानकारी

इटारसी। इटारसी के पास सोमलवाड़ा-लोहारिया में अवैध खनना करने वाले फिर से मैदान में उतर गए है । इन अवैध उत्खननकर्ताओं ने मिट्टी का अवैध खनन करना शुरू कर दिया है। मिट्टी का अवैध उत्खनन शुरू होते ही ग्रामीणों ने भी उनकी गतिविधियों पर नजर रखना शुरू कर दिया है। ग्रामीणों ने विवाद से बचने चुपचाप इस अवैध खनन के बारे प्रशासन के साथ ही मीडिया तक जानकारी भेजना शुरू कर दिया है ताकि बेतहाशा की जा रही मिट्टी खुदाई कें करोबार पर लगाम लगाई जा सके। ग्राम सोमलवाड़ा और लोहारिया क्षेत्र में मिट्टी का अवैध खनन धड़ल्ले से चालू होने ग्रामीण खासे परेशान है। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ लोग बिना किसी अनुमति के जेसीबी और ट्रैक्टरों से मिट्टी का उत्खनन कर रहे हैं। जब उन्हें रोकने की कोशिश करते है तो वे विवाद पर उतारू हो जाते है और राजनीतिक ताकत दिखाने की कोशिश करते हैं। दिन भर उनके वाहन मिट्टी का अवैध परिवहन करने दौड़ते रहते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहला मौका नहीं है जब अवैध मिट्टी खुदाई की जा रही है। इससे पहले भी हम लोग मिट्टी के अवैध खनन की शिकायतें कई बार कर चुके हैं मगर खनिज विभाग और नगर प्रशासन उस पर ध्यान ही नहीं देता है। एक ग्रामीण ने नाम ना छापने की शर्त पर बताया कि मिट्टी का अवैध खनन करने वाले लोगों के वाहन जेसीबी और ट्रेक्टर ट्रॉली दिन में कई राउंड लगा रही है। इससे जहां हमारे गांव की सड़कें उधड़ रही है वहीं वाहनों से हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। इस मामले में जिला खनिज अधिकारी दिवेश मरकाम ने कहा कि हम जल्द ही इस मामले में कार्रवाई करेंगे। अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
