रेलवे चौबीस घंटे देती है स्टेशनों पर गंदगी ना करने का संदेश, फिर भी 8 माह में धराए साढ़े 12 हजार लापरवाह, 24 लाख से ज्यादा का जुर्माना भी वसूला…

इटारसी। रेल विभाग 24 घंटे स्टेशन परिसर में गंदगी नहीं करने को लेकर यात्रियों को जागरूक करता रहता है बावजूद उसके रेलवे के यह प्रयास कुछ लापरवाह यात्रियों की आदतों की भेंट चढ़ जाते हैं जिसका नतीजा यह होता है कि स्टेशनो की तस्वीर गंदी ही बनी रहती है। स्टेशनों की सूरत बिगाड़ने वाले ऐसे ही करीब साढ़े 12 हजार लापरवाह यात्रियों पर जबलपुर जोन में लगाम कसने रेलवे को सख्ती करना पड़ी। इन सभी साढ़े 12 हजार यात्रियों से करीब 24 लाख 82 हजार रूपये का जुर्माना वसूला गया है। रेलवे प्रबंधन का कहना है कि स्वच्छता के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्ती से जुर्माना लगाने का कदम उठाया ही जाएगा।

जबलपुर जोन में हैं 3 मंडल

पश्चिम मध्य रेलवे भोपाल सहित जबलपुर एवं कोटा तीनों मण्डलों के सभी स्टेशनों पर स्टेशन परिसर एवं गाड़ियों में स्वच्छ, सुखद एवं पर्यावरण अनुकूल वातावरण मुहैया कराने के प्रति लगातार प्रयासरत है। मण्डलों के रेलवे स्टेशनों एवं रेलगाड़ियों में नियमित साफ सफाई सुनिश्चित की जाती है, साथ ही नियमित उद्घोषणा के माध्यम से यात्रियों को जागरुक भी किया जाता है। इसके अंतर्गत यात्रियों से स्टेशन परिसर को साफ सुथरा रखने, धूम्रपान नहीं करने तथा यहां वहां गंदगी नहीं करने के लिए जागरूक किया जाता है।

12550 यात्रियों पर जुर्माना

बार-बार समझाइश के बावजूद कुछ लोग लापरवाही बरतते हैं, ऐसे लोगों के खिलाफ रेल प्रशासन द्वारा समय-समय पर रेलवे अधिनियम के अंतर्गत जुर्माने की कार्यवाही की जाती है। पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा चालू वित्तीय वर्ष के अप्रैल से नवम्बर कुल आठ माह में गन्दगी फैलाने वालों के विरुद्ध चलाये गए अभियान में कुल 12,550 व्यक्तियों के मामले पकडे गए, जिनसे कुल 24 लाख 82 हजार 940 रूपये जुर्माना वसूला गया। अकेले नवम्बर माह में गन्दगी फैलाने वालों के विरुद्ध चलाये गए अभियान में कुल 1331 व्यक्तियों के मामले पकडे गए, जिनसे कुल 02 लाख 70 हजार 850 रूपये जुर्माना वसूला गया।

इनका कहना है

पूरे जोन में 8 महीने में स्टेशनों पर गंदगी करने वालों के खिलाफ चलाए गए अभियान में 12550 लोगों को पकड़ा गया था। जिनसे करीब 24 लाख 82 हजार रूपये जुर्माना वसूला गया है। इतनी बड़ी संख्या में प्रकरण बनने से साफ है कि लोग अभी भी स्वच्छता के प्रति गंभीर नहीं हैं। गंदगी करने वालों के विरुद्ध आगे भी ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे। 

नवल अग्रवाल, जन सम्पर्क अधिकारी भोपाल