
वर्धमान पब्लिक स्कूल में “भारत के रंग – वर्धमान के संग” कार्यक्रम का सफल आयोजन
इटारसी। वर्धमान पब्लिक स्कूल में “भारत के रंग – वर्धमान के संग” शीर्षक से एक ज्ञानवर्धक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से एक छत के नीचे भारत की सांस्कृतिक विविधता का प्रदर्शन किया गया। इस कार्यक्रम में कक्षा पहली से छठवीं तक के सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने भारत के विभिन्न प्रदेशों की आकर्षक झांकियाँ (स्टॉल) तैयार कीं। प्रत्येक स्टॉल पर बच्चों ने संबंधित प्रदेश की संस्कृति, लोक नृत्य, भजन, परंपराएँ तथा वहाँ मनाए जाने वाले प्रमुख त्योहारों की जानकारी अभिभावकों को विस्तारपूर्वक दी। साथ ही साथ बच्चों ने इस प्रदेश की भाषा में अभिभावकों से बात भी की जैसे कर्नाटक राज्य के बच्चों ने कन्नड़ में बात की तो वहीं केरल के बच्चों ने मलयालम में बात की। अभिभावकों ने विभिन्न प्रदेशों के स्टॉल पर जाकर बच्चों द्वारा दी गई जानकारी को ध्यानपूर्वक सुना और उनके प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित भी किया।एक ओर जहाँ स्टॉल के माध्यम से विद्यार्थी संबंधित राज्य की भाषा, संस्कृति और परंपराओं के बारे में विस्तार से जानकारी दे रहे थे, वहीं दूसरी ओर मंच पर प्रत्येक प्रदेश के लोक नृत्यों की सुंदर प्रस्तुतियाँ दी जा रही थीं। बच्चों की मनमोहक एवं आत्मविश्वास से भरपूर प्रस्तुतियों को सभी अभिभावकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के समापन पर वर्धमान विद्यालय प्रबंधन के प्रशांत ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की समृद्ध संस्कृति, विविधता और “एकता में विविधता” की भावना से जोड़कर रखना है।यह आयोजन न केवल मनोरंजक रहा, बल्कि विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।
