न्यास कॉलोनी के पुराने साईं मंदिर से प्रतिमा नए साईं मंदिर में स्थापित, मंदिर का ढांचा हटकर बनेगा गार्डन

साईं मंदिर ग्राउंड में विकास कार्यों से बढ़ेगी सुविधाएँ

इटारसी। न्यास कॉलोनी में जगदंबा गार्डन के पास स्थित नए साईं मंदिर में पुराने मंदिर की साईं प्रतिमा का भव्य शोभायात्रा के साथ विस्थापन किया गया। पुराने मंदिर से साईं प्रतिमा विस्थापित होने के बाद अब मंदिर के बरसों पुराने ढांचे को हटाया जाएगा। इसके बाद इस जगह पर सर्वसुविधा युक्त गार्डन विकसित किया जाएगा।कार्यक्रम में विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, वार्ड क्रमांक 13 की पार्षद अमृता मनीष ठाकुर, सभापति राकेश जाधव, जगदीश मालवीय, ओमकार मालवीय, बेनीशंकर शर्मा, मुकेश गोयल सहित बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित रहे। पार्षद अमृता मनीष ठाकुर ने बताया कि साईं मंदिर ग्राउंड में पार्क का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। क्षेत्रवासियों की आवश्यकताओं के अनुरूप यहाँ अन्य विकास कार्य भी प्रस्तावित हैं, जिससे यह परिसर श्रद्धा के साथ-साथ मनोरंजन और जनसुविधाओं का एक सुंदर केंद्र बन सकेगा। साईं बाबा की मूर्ति प्रतिस्थापन और विकास कार्यों को लेकर क्षेत्र में सकारात्मक माहौल है। भक्तों ने इसे आस्था, संस्कृति और विकास का एक सुंदर संगम बताया।