इटारसी में बंद पड़े फिश पार्लर जल्द होंगे चालू, कमिश्नर ने दिए फिश पार्लर खोलने के निर्देश…..

इटारसी। मध्‍यप्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग की मध्‍यप्रदेश फिश पार्लर योजना के तहत इटारसी के मछली बाजार में तीन स्‍मार्ट फिश पार्लर बनाए गए हैं। इनमें निर्माण होने के बाद से ही ताला पड़ा हुआ है। शहर के मछली बाजार में करीब 15 लाख रुपए की लागत से तीन फिश पार्लर बनाए गए थे जिनके जल्द ही शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। नर्मदापुरम संभाग कमिश्नर केजी तिवारी एक दिन पहले हुई बैठक में इन फिश पार्लरों को चालू करने के निर्देश दिए हैं। कमिश्नर के निर्देश के बाद अब विभाग ने तीनों फिश पार्लरों को चालू करने की प्रक्रिया पर कदम बढ़ाना चालू कर दिया है।

15 लाख से हुआ निर्माण

प्रत्‍येक फिश पार्लर के लिए 5 लाख रुपए शासन ने दिए हैं। इस तरह 3 फिश पार्लरों पर 15 लाख रुपए खर्च किए गए है। आधुनिक फिश पार्लर के माध्यम से मछली की मार्केटिंग करने में भी मछली पालकों को आसानी होगी। मछलियों के स्टोरेज के लिए सरकार डीप फ्रीजर, फ्रीजर डिस्प्ले काउंटर के साथ-साथ फिश कटर और मछली की छिलाई मशीनें भी मछली पालकों को मुहैया कराएगी।

जिले में स्वीकृत हुए थे 7 फिश पार्लर

मध्य प्रदेश फिश पार्लर योजना के तहत आधुनिक मछली पार्लर बनाने के लिए नर्मदापुरम जिले में कुल 7 पार्लर स्वीकृत हुए थे। जिनमें से 3 इटारसी और 4 नर्मदापुरम को दिए गए थे। इन फिश पार्लरों का निर्माण होने के बाद से अब तक वे चालू ही नहीं किए जा सके हैं। आज भी मछली बाजार चबूतरों पर लगाया जा रहा है।

वर्ष 2010 में हुई थी स्वीकृति

खुले में दुकान लगाकर मछली बेचने वालों के लिए वर्ष 2010 में मत्स्यकीय बोर्ड हैदराबाद ने मध्यप्रदेश के 38 शहरों में मछली बाजार बनाने की योजना तैयार की थी। इसमें इटारसी और नर्मदापुरम शहर को भी शामिल किया गया था। इसके लिए दस फीसदी राशि नपा को लगाना था, शेष राशि बोर्ड से दी जाना थी। इस बाजार में मछली ग्रेडिंग, ड्रेसिंग शेड, कचरा पेटी, पंप हाउस, चील्ड स्टोरेज टैंक, स्टोर रूम, मीट विक्रेताओं के लिए चबूतरे प्रस्तावित किए गए थे।

इनका कहना है

इटारसी नगरपालिका ने तीनों फिश पार्लर तैयार कर दिए हैं। कमिश्नर कार्यालय से भी इनको चालू करने के निर्देश जारी होने की जानकारी मिली है  अब जल्द ही उन्हें चालू करने की प्रक्रिया की जाएगी। इससे शहर का मछली बाजार व्यवस्थित हो जाएगा।

पंकज चौरे, नपाध्यक्ष इटारसी