इटारसी। इटारसी नगरपालिका ने न्यास कॉलोनी बाईपास सड़क पर जगदंबा मैरिज गार्डन के समीप कचरा डंपिंग स्पॉट बना रखा है। सड़क किनारे फेंका जाने वाला कचरा सड़क पर फैल रहा है और उसमें लगाई जाने वाली आग ने वार्ड 17 के रहवासियों का सांस लेना मुश्किल कर दिया है। शिकायत के बावजूद कचराघर नहीं हटाए जाने से नाराज वार्ड 17 के रहवासियों ने मौके पर धरना प्रदर्शन किया। नाराज लोगों ने नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। वार्डवासियों ने बताया कि पहले इस सड़क पर सफाई व्यवस्था अच्छी थी तो बड़ी संख्या में महिला और पुरुष सुबह और शाम को घूमने आते थे मगर इस नगरपालिका परिषद ने यहां की सूरत बदरंग कर दी है। कचराघर बना दिया है जो हर दिन बढ़ता ही जा रहा है। नगरपालिका के जिम्मेदार अधिकारी इस पर ध्यान ही नहीं दे रहे है। कचरे से उठने वाली बदबू और जहरीले धुएं के कारण रहवासियों का सांस लेना मुश्किल कर दिया है। आसपास स्कूल होने से छोटे बच्चों को भी सांस सम्बन्धी बीमारी का खतरा बना हुआ है। इस मामले में स्वास्थ्य सभापति राकेश जाधव ने कहा कि उस जगह पर तीन वार्डों का कचरा जमाकर उठाया जाता है। नपा के अलावा वहां आसपास के लोग भी घरों का कचरा फेंक जाते हैं। इटारसी नगरपालिका के पास केवल एक जेसीबी मशीन होने से समय बहुत लगता है तब तक जानवर कचरा सड़क तक फैला देते है। हमने नपाध्यक्ष पंकज चौरे से वहां पर जेसीबी मशीन के पहुंचने तक दो लोडर मशीन से कचरा उठाने का सुझाव दिया था उस पर विचार चल रहा है। अगर वो हो जाता है तो कचरा सुबह ही उठ जाएगा जिससे गंदगी भी कम हो जाएगी। हम सब प्रयास कर रहे है कि उस जगह से हो रही समस्या का कुछ स्थाई हल निकाल सकें। नपाध्यक्ष पंकज चौरे ने कहा कि डंपिंग स्पॉट को जल्द से जल्द का कवर्ड करने का प्रयास किया जा रहा है। अभी उस जगह की और बेहतर ढंग से सफाई करा देंगे।

