चोरी का मोबाइल बेचने के फिराक में साथी के साथ पकड़ाया आदतन अपराधी, साढ़े तीन लाख का सामान किया गया जब्त…

इटारसी। ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी करने वाले एक आदतन अपराधी और उसके साथी को जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आदतन अपराधी से करीब साढ़े 3 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ पहले से ही दो स्थाई वारंट जारी हैं। जानकारी के अनुसार चेन्नई निवासी ध्रुवल पिता रामानुज 25 वर्ष 23 जुलाई को 12616 जीटी एक्सप्रेस के B/5 कोच में अपने दोस्तों के साथ मथुरा से चेन्नई की यात्रा कर रहा था। 24 जुलाई को सुबह साढ़े 5 बजे जब यात्री युवक की नींद खुली तो उसका बैग गायब था। बैग में युवक का 33 हजार कीमत का मोबाइल, 1500 रुपए कीमत का चश्मा, 15 हजार रुपए कीमत का आइपॉड सहित अन्य सामान था। उसके एक दोस्त का बैग भी गायब था जिसमें करीब 17000 रुपए के मोबाइल सहित कुल 63 हजार रुपए का सामान रखा था। यात्री युवक ने इसकी शिकायत जीआरपी थाने में दर्ज कराई थी। युवक की शिकायत के बाद जीआरपी थाने से एक टीम बनी जिसने आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी की पतारसी के दौरान टीम को दो संदिग्ध युवकों के मालगोदाम के पास खड़े होने की सूचना मिली जो मोबाइल बेचने की फिराक में थे। टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों की घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम अंकित दोहरे और सौरभ राजावत दोनों निवासी जिला भिंड बताए। उनकी तलाशी लेने पर इनसे 14 कीमती मोबाइल बरामद हुए। बरामद किए गए मोबाइलों की कीमत करीब साढ़े 3 लाख रुपए बताई गई है। ये सभी मोबाइल अलग अलग ट्रेनों से चुराए गए थे। बरामद किए गए इन मोबाइलों के मालिकों की जानकारी जुटाकर उन्हें जीआरपी सूचना देगी। पकड़े गए आरोपियों में से सौरभ राजावत आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से ही 2 स्थाई वारंट जारी है। जीआरपी थाना प्रभारी संजय चौकसे ने कहा कि पकड़े गए आरोपियों से करीब साढ़े 3 लाख रुपए कीमत के मोबाइल जब्त किए गए है। आरोपियों को कोर्ट पेश किया गया था जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।